Best Destinations: दुनिया की टॉप 25 घूमने की जगहों में भारत का ये एक शहर, खास है वजह

राजस्थान का एक शहर 2027 में अपनी स्थापना के 300 साल पूरे करने जा रहा है. इसी खास मौके पर शहर को नेशनल ज्योग्राफिक की बेस्ट ऑफ द वर्ल्ड 2027 लिस्ट में जगह मिली है. जानें उसके ऐतिहासिक किले, महल, हस्तशिल्प और फेस्टिवल इसे खास क्यों बनाते हैं.

Advertisement
जयपुर में 2027 में खास जश्न होगा. (PHOTO:ITG) जयपुर में 2027 में खास जश्न होगा. (PHOTO:ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:06 PM IST

राजस्थान की राजधानी जयपुर अपनी खूबसूरत हवेलियों, ऐतिहासिक किलों, शाही महलों और रंग-बिरंगे बाजारों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. अब साल 2027 में यह शहर एक खास वजह से फिर से चर्चा में है. जयपुर 2027 में अपनी स्थापना के 300 साल पूरे करने जा रहा है. इसी साल होने वाले खास इवेंट्स और यहां की समृद्ध विरासत को देखते हुए जयपुर को नेशनल ज्योग्राफिक की बेस्ट ऑफ द वर्ल्ड 2027 लिस्ट में शामिल किया गया है.

Advertisement

इस लिस्ट में छह महाद्वीपों के 25 ऐसी डेस्टिनेशन को जगह मिली है, जहां आने वाले साल में पर्यटकों को कुछ खास एक्सपीरियंस मिल सकते हैं. इनमें ऐतिहासिक जगहों से लेकर प्राकृतिक नजारों, सांस्कृतिक आयोजनों और एडवेंचर यात्राओं तक कई तरह के ऑप्शन शामिल हैं. जयपुर के लिए इसकी वास्तुकला, पारंपरिक हस्तशिल्प और मशहूर जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल इसका खास अट्रैक्शन है.

2027 में जयपुर घूमने की क्या है खास वजह?

जयपुर की स्थापना साल 1727 में आमेर के कछवाहा शासक सवाई जय सिंह द्वितीय ने कराई थी. इस लिहाज से 2027 शहर के लिए 300 साल पूरे होने का खास मौका है. शहर के ऐतिहासिक किले, महल, पारंपरिक बाजार और हस्तशिल्प इसे राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करते हैं. जयपुर की खासियत यह है कि यहां इतिहास और मॉर्डन संस्कृति का अनोखा कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. यहां एक तरफ सदियों पुरानी इमारतें हैं, तो दूसरी तरफ साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े बड़े आयोजन भी होते हैं. 

Advertisement

जनवरी में होगा जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल

जयपुर में 14 से 18 जनवरी 2027 तक  20वां जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल होगा. इस फेस्टिवल में देश-दुनिया के लेखक, पाठक, विचारक और साहित्य प्रेमी हिस्सा लेते हैं, यहां साहित्य, इतिहास, राजनीति, विज्ञान और समाज जैसे विषयों पर चर्चा होती है. हर साल इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलती है. अगर आप जनवरी में जयपुर घूमने जाते हैं, तो इस फेस्टिवल को अपनी यात्रा का हिस्सा बना सकते हैं. इसके साथ ही शहर के ऐतिहासिक स्थलों और बाजारों को देखने के लिए भी समय निकाल सकते हैं.

जयपुर में जरूर देखें ये ऐतिहासिक जगहें

आमेर किला: जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में शामिल आमेर किला अपने विशाल आंगनों, बारीक नक्काशी और शाही इंटीरियर के लिए मशहूर है. यहां राजस्थानी वास्तुकला की खूबसूरती करीब से देखी जा सकती है.

हवा महल: जयपुर की पहचान बन चुका हवा महल अपनी गुलाबी इमारत और अनोखी खिड़कियों के लिए जाना जाता है. इसकी खूबसूरत वास्तुकला इसे पर्यटकों और फोटोग्राफी के शौकीनों के बीच पॉपुलर बनाती है.

जंतर-मंतर: यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल जंतर-मंतर में खगोलीय गणना और आकाशीय पिंडों की स्थिति का स्टडी करने के लिए बनाए गए पुराने उपकरण मौजूद हैं. इतिहास और विज्ञान में दिलचस्पी रखने वालों के लिए यह खास जगह है.

Advertisement

नेशनल ज्योग्राफिक की लिस्ट में शामिल हैं ये 25 डेस्टिनेशन

नेशनल ज्योग्राफिक की बेस्ट ऑफ द वर्ल्ड 2027 लिस्ट में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की ऐसी जगहों को शामिल किया गया है, जो अपनी खासियतों के कारण टूरिस्ट को अट्रैक्ट करती है.  इसमें मिस्र का लक्सर शामिल है. मलेशिया का पेनांग जो अपने खानपान और ऐतिहासिक गलियों के लिए मशहूर है. जापान के निगाता में लोकल फूड, साके और समुद्र के खूबसूरत नजारों का मजा लिया जा सकता है.

अमेरिका के कैलिफोर्निया की पैसिफिक कोस्ट हाईवे को समुद्र किनारे की शानदार ड्राइव के लिए जगह मिली है. इसके अलावा मिसौरी और अर्कांसस के सदर्न ओजार्क्स में आउटडोर एडवेंचर का एक्सपीरियंस लिया जा सकता है. चिली का केप फ्रोवार्ड अपने दूरदराज के प्राकृतिक इलाकों और पैटागोनिया के नजारों के लिए जाना जाता है, जबकि मलावी में वन्यजीवों को देखने और मलावी झील के आसपास घूमने का मौका मिलता है.

यूरोप से फ्रांस का नॉर्मंडी, स्पेन का सैंटेंडर, जर्मनी का लाइपजिग, स्कॉटलैंड का डमफ्रीज एंड गैलोवे और नॉर्वे का वेस्टलैंड इस सूची का हिस्सा हैं. इनके अलावा प्यूर्टो रिको, अमेरिका का मैडिसन और बाल्टीमोर, चीन का चेंगदू, ग्रेनेडा, ब्राजील का साल्वाडोर, कनाडा का हैलिफैक्स, आर्मेनिया का ट्रांसकॉकेशियन ट्रेल, ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न, मैक्सिको का माया का'आन, पोलैंड का ट्राइसिटी और पेरू का कुएलाप भी शामिल हैं. कैलिफोर्निया के कैटालिना आइलैंड को अलग से रीडर्स चॉइस विनर चुना गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »