विदेश घूमने का प्लान बनाते समय ज्यादातर भारतीयों के मन में नेपाल, भूटान, दुबई या थाईलैंड जैसे देशों का ख्याल आता है. लेकिन अब एक ऐसा देश भारतीय टूरिस्टों को अपनी ओर खींच रहा है, जहां की खूबसूरत वादियां, मॉर्डन शहर, अनोखी संस्कृति और टेस्टी खाना लोगों का दिल जीत रहे हैं.
खास बात यह है कि यहां घूमना पांच साल पहले के मुकाबले किफायती भी हुआ है. यही वजह है कि इस देश में भारतीय टूरिस्ट्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है. आखिर कौन-सा है यह देश और यहां ऐसा क्या खास है, जो भारतीयों को इतना पसंद आ रहा है? आइए इस देश के बारे में जानते हैं.
भारतीयों की पहली पसंद बना ये देश
वीएफएस ग्लोबल के संस्थापक और सीईओ जुबिन करकारिया के मुताबिक, जापान इन दिनों भारतीय टूरिस्ट के बीच तेजी से पॉपुलर हो रहा है.
उनका कहना है कि भारत से जापान जाने वाले टूरिस्ट की संख्या लगभग हर साल दोगुनी हो रही है. पांच साल पहले के मुकाबले जापान अब सस्ता हो गया है, जिससे भारतीयों के लिए वहां घूमने ज्यादा अट्रैक्टिव बना दिया है.
क्यों भारतीय जा रहे हैं जापान
जापान की खासियत यह है कि यहां मॉर्डन और पुरानी परंपराओं का अनोखा कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. एक तरफ टोक्यो जैसे शहरों में चमचमाती इमारतें, रोशनी से जगमगाती सड़कें और मॉर्डन तकनीक है, तो दूसरी तरफ पुराने मंदिर, पारंपरिक बाजार और शांत प्राकृतिक नजारे भी हैं.
चेरी ब्लॉसम से लेकर शॉपिंग तक
चेरी ब्लॉसम का मौसम जापान घूमने वाले लोगों के लिए पसंदीदा माना जाता है. मार्च के आखिर से वसंत के मौसम में चेरी के पेड़ों पर गुलाबी और सफेद फूल खिलने लगते हैं, जिन्हें देखने के लिए दुनियाभर से लोग यहां आते हैं.
टोक्यो के शिंजुकु ग्योएन, यूनो पार्क और मेगुरो नदी के आसपास इन फूलों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. हालांकि, फूल खिलने का सही समय मौसम और इलाके के हिसाब से बदल सकता है.
इसके अलावा जापान की शॉपिंग और ब्यूटी इंडस्ट्री भी टूरिस्ट्स को अपनी तरफ अट्रैक्ट करती है. टोक्यो का गिंजा इलाका महंगे ब्रांड, स्किन केयर प्रोडक्ट्स और खूबसूरत दुकानों के लिए मशहूर है. यहां घूमने के साथ-साथ जापानी फूड, आर्ट और संस्कृति को करीब से जानने का मौका भी मिलता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क