Best Monsoon Destinations in India: घूमना-फिरना वैसे तो हर मौसम में अच्छा लगता है लेकिन बारिश के मौसम का अपना अलग ही अंदाज है. मानसून की दस्तक के साथ ही चारों ओर फैली मखमली हरियाली, ठंडी हवाएं और धुंध की चादर में लिपटे पहाड़ हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करने लगते हैं. अगर आप भी इस मानसून शहर की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो भारत में कई ऐसे हिल खूबसूरत हिल स्टेशन हैं, जहां आप नेचर के करीब यादगार समय बिता सकते हैं. यहां बारिश के दौरान बादलों से ढके पहाड़, झरने और मनमोहक नजारे आपकी छुट्टियों को यादगार बना देंगे. आइए जानते हैं मानसून में घूमने के लिए भारत के कुछ शानदार हिल स्टेशनों के बारे में.
लेह-लद्दाख
अगर आप मानसून में ऐसी जगह जाना चाहते हैं, जहां बारिश कम होती हो तो लेह-लद्दाख बेस्ट जगह है. यहां की ऊंची पहाड़ियां, नीला आसमान, खूबसूरत झीलें और रोमांचक सड़कें पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं. एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
महाराष्ट्र का महाबलेश्वर
महाराष्ट्र का महाबलेश्वर मानसून के दौरान और भी खूबसूरत हो जाता है. चारों ओर फैली हरियाली, ठंडा मौसम और झरने यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. मानसून में यहां आप प्रतापगढ़ किला, लिंगमाला वॉटरफॉल, आर्थर सीट और टापोला जैसी जगहों की सैर कर सकते हैं.
मेघालय का चेरापूंजी
मेघालय का चेरापूंजी दुनिया के सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाकों में गिना जाता है. मानसून के दौरान यहां की वादियां, झरने और बादलों से ढकी पहाड़ियां बेहद आकर्षक लगती हैं. अगर आप नेचर के साथ कुछ पल बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए बेस्ट रहेगा.
पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग
'क्वीन ऑफ हिल्स' के नाम से मशहूर दार्जिलिंग मानसून में किसी सपने जैसा दिखाई देता है. यहां की चाय के बागान, ठंडी हवाएं, पहाड़ी नजारे और टॉय ट्रेन का सफर पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं. यह जगह परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए शानदार है.
केरल का मुन्नार
केरल का मुन्नार अपनी चाय की हरियाली और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है. बारिश के मौसम में यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर जाता है. झरने, झीलें और शांत वातावरण इसे कपल्स और नेचर लवर्स के लिए बेस्ट जगह बनाते हैं.
केरल का वायनाड
अगर आप मानसून में झरनों, जंगलों और शांत माहौल का आनंद लेना चाहते हैं तो वायनाड बेहतरीन डेस्टिनेशन है. यहां की गुफाएं, मसालों के बागान, वन्यजीव अभयारण्य और खूबसूरत रिसॉर्ट्स आपकी यात्रा को यादगार बना देंगे.
मानसून ट्रिप पर जाते समय रखें इन बातों का ध्यान
बारिश के मौसम में यात्रा के दौरान रेनकोट या छाता, वाटरप्रूफ जूते और जरूरी दवाइयां साथ रखें. पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए यात्रा से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क