Best Botanical Gardens in India: अगर आपको पेड़-पौधों, रंग-बिरंगे फूलों और हरियाली के बीच समय बिताना पसंद है तो भारत के बॉटनिकल गार्डन घूमने के लिए अच्छी जगह हो सकते हैं. यहां आपको सिर्फ खूबसूरत नजारे ही नहीं, बल्कि देश-विदेश की कई तरह की दुर्लभ वनस्पतियां देखने को मिलेंगी. इन गार्डन में कहीं पुराने और विशाल पेड़ हैं तो कहीं रंग-बिरंगे फूल, खूबसूरत लॉन और बड़े-बड़े ग्रीनहाउस देखने को मिलते हैं.
भारत में कई ऐसे बॉटनिकल गार्डन हैं जो अपनी खूबसूरती के साथ-साथ वनस्पतियों के संरक्षण के लिए भी जाने जाते हैं. कुछ गार्डन ब्रिटिश काल के हैं तो कुछ में दुर्लभ पौधों और फूलों का शानदार कलेक्शन मौजूद है. अगर आप प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं और कुछ अलग जगह एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो इन 5 बॉटनिकल गार्डन को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
लालबाग बॉटनिकल गार्डन, बेंगलुरु
बेंगलुरु का लालबाग बॉटनिकल गार्डन देश के सबसे मशहूर गार्डन में से एक है. लगभग 240 एकड़ में फैले इस गार्डन की शुरुआत हैदर अली ने साल 1760 में करवाई थी. बाद में टीपू सुल्तान ने भी इसके विकास में योगदान दिया. यहां आपको कई दुर्लभ पौधे, पुराने पेड़ और खूबसूरत हरे-भरे लॉन देखने को मिलेंगे.
इस गार्डन की सबसे खास जगह यहां बना ग्लास हाउस है. इसकी बनावट लंदन के क्रिस्टल पैलेस से प्रेरित है. यहां हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के आसपास फ्लावर शो आयोजित किया जाता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
आचार्य जगदीश चंद्र बोस इंडियन बॉटनिक गार्डन, हावड़ा
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में स्थित यह बॉटनिकल गार्डन भारत के पुराने और ऐतिहासिक गार्डन में से एक है. इसकी स्थापना लगभग 1787 में हुई थी. लगभग 109 हेक्टेयर में फैले इस गार्डन में देश-विदेश के कई दुर्लभ और अनोखे पौधे देखने को मिलते हैं.
यहां का सबसे बड़ा आकर्षण ग्रेट बरगद का पेड़ है. इसकी फैली हुई जड़ें इतनी दूर तक फैली हैं कि इसे देखकर पूरा इलाका एक छोटे जंगल जैसा नजर आता है. इसके अलावा यहां ताड़ के पेड़, ऑर्किड और कई तरह के खूबसूरत पौधों का कलेक्शन भी मौजूद है.
गवर्नमेंट बॉटनिकल गार्डन, ऊटी
तमिलनाडु के ऊटी में स्थित गवर्नमेंट बॉटनिकल गार्डन प्रकृति प्रेमियों के लिए खूबसूरत जगह है. लगभग 55 एकड़ में फैला यह गार्डन डोड्डाबेट्टा पहाड़ी की ढलान पर बना है. यहां रंग-बिरंगे फूलों की क्यारियां, हरे-भरे लॉन, फर्न और ऑर्किड के पौधे देखने को मिलते हैं.
इस गार्डन की एक खास बात यहां मौजूद जीवाश्म पेड़ है, जिसे लगभग 2 करोड़ साल पुराना माना जाता है. यहां हर साल मई में फ्लावर शो भी आयोजित किया जाता है. इस दौरान गार्डन में तरह-तरह के फूलों की सजावट देखने को मिलती है.
लॉयड बॉटनिकल गार्डन, दार्जिलिंग
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में स्थित लॉयड बॉटनिकल गार्डन की स्थापना साल 1878 में हुई थी. यह गार्डन खासतौर पर पूर्वी हिमालयी क्षेत्र के पेड़-पौधों और वनस्पतियों को संरक्षित करने के लिए जाना जाता है. यहां आपको कई तरह के दुर्लभ पौधे देखने को मिलेंगे.
इस गार्डन में अल्पाइन पौधों, ऑर्किड, कैक्टस और सक्युलेंट्स का अच्छा कलेक्शन मौजूद है. पहाड़ी इलाके में स्थित होने की वजह से यहां का प्राकृतिक नजारा भी काफी खूबसूरत लगता है. अगर आपको पहाड़ों की हरियाली और अलग-अलग तरह के पौधों को देखना पसंद है तो यह जगह आपके घूमने के लिए बेस्ट है.
जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बॉटनिकल गार्डन, केरल
केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पालोड में स्थित जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बॉटनिकल गार्डन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट प्रकृति और वनस्पतियों में दिलचस्पी रखने वालों के लिए खास जगह है. इसकी स्थापना साल 1979 में की गई थी. इस गार्डन का मुख्य उद्देश्य उष्णकटिबंधीय पौधों का संरक्षण करना और उनके सही इस्तेमाल को बढ़ावा देना है.
यहां कई तरह के उष्णकटिबंधीय पौधों का कलेक्शन मौजूद है. इसके अलावा यहां वनस्पतियों से जुड़ी रिसर्च और संरक्षण के काम भी किए जाते हैं. अगर आप केरल घूमने जा रहे हैं और प्रकृति के साथ-साथ पेड़-पौधों के बारे में जानना चाहते हैं तो इस जगह को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
भारत के ये बॉटनिकल गार्डन सिर्फ घूमने-फिरने की जगह नहीं हैं, बल्कि यहां आपको अलग-अलग तरह के पेड़-पौधों और फूलों को करीब से देखने का मौका भी मिलता है. अगर आप अपनी ट्रिप में कुछ समय शोर-शराबे से दूर हरियाली के बीच बिताना चाहते हैं तो इन जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क