स्मार्टफोन्स में हम लगातार कई बदलाव देख रहे हैं. फोल्डिंग फोन्स से लेकर सुपर फास्ट चार्जिंग तक टेक कंपनियां कई इनोवेशन कर रही हैं, लेकिन एक समस्या ऐसी है, जिस पर OnePlus ने ध्यान दिया है. हम बात कर रहे हैं पानी या बारिश में फोन यूज करने पर. भले ही आपके फोन्स वाटरप्रूफ हों, लेकिन बारिश में इन्हें यूज कर पाना नामुमकिन हो जाता है.
कंपनियां इस समस्या को दूर करने पर काम कर रही हैं. दरअसल, बारिश या पानी से भीगी टच स्क्रीन रिस्पॉन्स नहीं करती है. OnePlus ने इस दिक्कत को दूर करने के लिए एक नई स्क्रीन डेवलप की है, जो टच इनपुट को बेहतर ढंग से हैंडल करती है.
OnePlus Ace 2 Pro स्मार्टफोन के साथ कंपनी इस टेक्नोलॉजी को पेश कर सकती है, जिसका नाम Rain Water Touch फीचर होगा. आइए जानते हैं क्या है वनप्लस की ये टेक्नोलॉजी और कैसे करती है काम.
9to5Google की रिपोर्ट के मुताबिक, वनप्लस ने अपने अपकमिंग स्मार्टफोन OnePlus Ace 2 Pro को चीनी सोशल मीडिया Weibo पर शोकेस किया है. इस मिडरेंज स्मार्टफोन में ब्रांड ने नई स्क्रीन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है, जो पानी में भीगी स्क्रीन पर भी एकुरेट टच रिस्पॉन्स ऑफर करती है.
OnePlus Ace 2 Pro को कंपनी ने iPhone 14 Pro के साथ टेस्ट किया है. ऐपल के इस फ्लैगशिप फोन की स्क्रीन टच रिस्पॉन्ड नहीं कर रही थी, जबकि वनप्लस का फोन बारिश के बीच भी ठीक से काम कर रहा था. ये दिक्कत लगभग सभी स्मार्टफोन्स के साथ होती है. वनप्लस इस दिक्कत को दूर करना चाहता है.
ज्यादातर स्मार्टफोन्स में कैपेसिटिव टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी मदद से स्क्रीन आपके फिंगर टच को डिटेक्ट करती है. इस पूरे प्रॉसेस में इलेक्ट्रिकल कंडक्शन का इस्तेमाल होता है, जिससे पता चलता है कि आपने कब और कहां स्क्रीन पर टच किया है. ये प्रॉसेस बहुत फास्ट होता है.
वहीं जब स्क्रीन भीगी होती है, तो पानी की वजह से ये प्रॉसेस प्रभावित होता है. चूंकि पानी इलेक्ट्रिसिटी कंडक्टर होता है, इसलिए टच ठीक से डिटेक्ट नहीं हो पाता है. रिपोर्ट की मानें तो वनप्लस जिस डिजाइन का इस्तेमाल कर रहा है, वो एक यूनिक टच एल्गोरिद्म को फॉलो करता है.
इस दिक्कत को दूर करने के लिए कंपनी ने एक कस्टम चिप का भी इस्तेमाल किया है. OnePlus ने अभी Ace 2 Pro की लॉन्चिंग का ऐलान दूसरे मार्केट में नहीं किया है.
रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इस टेक्नोलॉजी को चीन के बाहर अपने फ्लैगशिप फोन्स में दे सकती है. ग्लोबल मार्केट में कंपनी OnePlus 12 के साथ इस टेक्नोलॉजी को इंट्रोड्यूस कर सकती है.
aajtak.in