शॉपिंग मॉल में किसी स्टोर या ब्रांड को ढूंढने के लिए अब लोगों को बार-बार रास्ता पूछने की जरूरत नहीं होगी. जयपुर में पहली बार शॉपिंग एक्सपीरियंस में AI-पावर्ड रोबोट तकनीक को शामिल किया गया है. वर्ल्ड ट्रेड पार्क में शनिवार से ‘W’ नाम के शॉपिंग रोबोट की शुरुआत हुई, जो विजिटर्स को ब्रांड और स्टोर की लोकेशन खोजने से लेकर वहां तक पहुंचने में मदद करेगा.
‘W’ को शॉपिंग नेविगेशन असिस्टेंट के तौर पर तैयार किया गया है. इसकी इंटरैक्टिव टच स्क्रीन पर विजिटर मॉल में मौजूद ब्रांड और स्टोर की जानकारी देख सकते हैं. किसी स्टोर या ब्रांड का चयन करने के बाद रोबोट विजिटर को मंजिल तक ले जाएगा. अलग-अलग फ्लोर पर जाने की जरूरत होने पर यह पास की लिफ्ट या एस्केलेटर तक भी रास्ता बताएगा.
सिर्फ स्टोर नहीं, प्रोडक्ट से भी कर सकेंगे सर्च
इस रोबोट की खासियत केवल किसी दुकान की लोकेशन बताना नहीं है. इसमें प्रोडक्ट आधारित सर्च की सुविधा भी है. यानी विजिटर अपनी जरूरत के मुताबिक किसी प्रोडक्ट की तलाश कर सकता है और उपलब्ध विकल्पों में से संबंधित स्टोर तक पहुंचने के लिए नेविगेशन ले सकता है. रोबोट स्क्रीन के जरिए जानकारी देने के साथ विजिटर्स से संवाद भी कर सकता है.
अभी 4 रोबोट, चार फ्लोर पर तैनाती
फिलहाल चार ‘W’ रोबोट तैनात किए गए हैं. इन्हें नॉर्थ और साउथ ब्लॉक के लोअर और अपर ग्राउंड फ्लोर पर रखा गया है. योजना के मुताबिक इस साल के अंत तक पार्किंग समेत बाकी फ्लोर पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है. बच्चों से लेकर अलग-अलग उम्र के विजिटर्स तक इसके इंटरैक्टिव सिस्टम का इस्तेमाल कर सकेंगे.
AI नेविगेशन के साथ बाधाओं से बचने की तकनीक
‘W’ में AI आधारित नेविगेशन और ऑब्स्टेकल-अवॉइडेंस तकनीक दी गई है. इससे रोबोट मॉल के भीतर रास्ते में आने वाली बाधाओं से बचते हुए अपने निर्धारित गंतव्य की ओर बढ़ सकता है. इसका वजन करीब 65 किलोग्राम है और इसमें ऑटोमैटिक चार्जिंग की सुविधा है. रोबोट का निर्माण Kody Robots ने किया है.
अगला कदम ह्यूमनॉइड रोबोट
WTP कि डायरेक्टर अश्मिता बरतरिया ने कहा कि जयपुर में AI और रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में यह शुरुआत है. उन्होंने बताया कि आगे 2027 में ह्यूमनॉइड रोबोट लाने की योजना है, जो इंसानी आकार में होंगे और इंसानों की तरह व्यवहार करने के लिए डिजाइन किए जाएंगे.
इस तरह शॉपिंग स्पेस में AI का इस्तेमाल अब केवल डिजिटल स्क्रीन या ऑनलाइन सर्च तक सीमित नहीं रह गया है. नेविगेशन, प्रोडक्ट सर्च और फिजिकल मूवमेंट को एक साथ जोड़ने वाले ऐसे रोबोट आने वाले समय में बड़े सार्वजनिक और कमर्शियल स्पेस में विजिटर अनुभव का हिस्सा बन सकते हैं.
रिदम जैन