दिवाली पर घर जाना हो या छठ पूजा पर परिवार के साथ त्योहार मनाना हो, ट्रेन का कन्फर्म टिकट मिलना इन दिनों बड़ी चुनौती बन जाता है. दिल्ली, मुंबई, सूरत और दूसरे बड़े शहरों से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है. कई यात्रियों को टिकट बुक करते समय वेटिंग लिस्ट मिलती है और फिर शुरू होता है कन्फर्म टिकट का इंतजार.
इस बार दिवाली 8 नवंबर और छठ 15 नवंबर को है. ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक घर जाने का टिकट नहीं लिया है, उनके पास कुछ डिजिटल विकल्प मौजूद हैं. IRCTC के आधिकारिक ऐप से लेकर ConfirmTkt, ixigo और RailYatri जैसे प्लेटफॉर्म तक ट्रेन की उपलब्धता देखने, वेटिंग टिकट की स्थिति का अनुमान लगाने और दूसरी ट्रेन खोजने में मदद कर सकते हैं.
लेकिन एक बात समझना जरूरी है. कोई भी ऐप रेलवे की तरफ से कन्फर्म सीट की गारंटी नहीं दे सकता. ऐप पर दिखाई जाने वाली कन्फर्मेशन की संभावना पुराने आंकड़ों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर एक अनुमान होती है. टिकट तभी कन्फर्म माना जाएगा जब रेलवे के सिस्टम में उसका स्टेटस बदल जाए.
सबसे पहले IRCTC ऐप पर चेक करें टिकट
ट्रेन टिकट बुक करने के लिए सबसे भरोसेमंद विकल्प IRCTC का आधिकारिक Rail Connect ऐप और वेबसाइट है. यहां यात्री अपनी यात्रा की तारीख, शुरुआती स्टेशन और डेस्टिनेशन डालकर ट्रेन और सीट की उपलब्धता देख सकते हैं. जनरल रिजर्वेशन, तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट की बुकिंग भी इसी प्लेटफॉर्म से की जा सकती है.
ऐप में टिकट बुक करने के लिए लॉगिन करने के बाद यात्रा की तारीख और स्टेशन चुनें. इसके बाद उपलब्ध ट्रेनों और क्लास की जानकारी दिखाई देगी. जिस ट्रेन में सीट उपलब्ध हो, उसे चुनकर यात्रियों की जानकारी भरें और भुगतान पूरा करें. बुकिंग सफल होने पर PNR नंबर मिलता है, जिससे टिकट का स्टेटस चेक किया जा सकता है.
IRCTC ऐप में PNR स्टेटस, ट्रेन की उपलब्धता, ट्रेन शेड्यूल और बुक किए गए टिकट को देखने की सुविधा भी है. इसमें मास्टर पैसेंजर लिस्ट का विकल्प मिलता है, जिससे परिवार के सदस्यों की जानकारी पहले से सेव की जा सकती है. इससे बार-बार नाम और उम्र भरने में समय बचता है.
ConfirmTkt का 3X रिफंड ऑफर क्या है?
वेटिंग टिकट बुक करने वालों के लिए ConfirmTkt का Alternate Travel Plan चर्चा में है. कंपनी इसे पहले ट्रैवल गारंटी नाम से पेश करती थी. इस फीचर में दावा किया जाता है कि अगर टिकट चार्ट बनने तक कन्फर्म नहीं होता, तो यात्री को टिकट के किराये के आधार पर रिफंड और ट्रैवल कूपन दिया जा सकता है.
लेकिन यहां एक जरूरी अंतर समझना होगा. ConfirmTkt के मौजूदा नियमों के मुताबिक, 3X रिफंड का फायदा फ्लाइट और बस के विकल्प के लिए है. ट्रेन के लिए यह 2X है, 3X नहीं. यानी अगर आपने ट्रेन टिकट बुक करते समय यह प्लान चुना है और टिकट पूरी तरह वेटिंग में रह जाता है, तो शर्तें पूरी होने पर टिकट के किराये के बराबर रकम ओरिजनल पेमेंट सोर्स में वापस आती है और इतनी ही रकम का एक्स्ट्रा कूपन मिलता है.
उदाहरण के लिए, मान लीजिए आपके ट्रेन टिकट का किराया 2,000 रुपये है. अगर आप ऑल्टरनेटिव ट्रैवल प्लाान के लिए एलिजिबल हैं और टिकट चार्ट बनने तक पूरी तरह वेटिंग में रहता है, तो 2,000 रुपये मूल भुगतान माध्यम में वापस किए जाएंगे. इसके अलावा 2,000 रुपये का कूपन मिलेगा. इस तरह कुल फायदा 4,000 रुपये तक का हो सकता है. इसे 3X रिफंड समझना गलत होगा.
कूपन का खेल समझें
यहां एक और बात ध्यान देने वाली है. कूपन नकद रकम नहीं है. इसे अगली ट्रेन बुकिंग में छूट के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. कूपन की वैलिडिटी सात दिन है और इसे उसी यात्रा माध्यम के लिए इस्तेमाल करना होगा, जिसे चुनकर आपने कूपन क्लेम किया है. यह एक ही बुकिंग में इस्तेमाल हो सकता है. अगर नई बुकिंग की कीमत कूपन से कम है, तो बची हुई रकम खत्म हो जाती है.
यह सुविधा मुफ्त भी नहीं है. Alternate Travel Plan एक पेड विकल्प है, जिसके लिए अलग से शुल्क देना होता है. यह सभी ट्रेनों और क्लास में उपलब्ध नहीं है. बुकिंग के दौरान जिन ट्रेनों पर इसका टैग दिखाई देता है, उन्हीं में इसे चुना जा सकता है.
सबसे अहम शर्त यह है कि रिफंड तभी मिलेगा जब चार्ट बनने के समय पूरी बुकिंग वेटिंग में हो. अगर टिकट RAC हो जाता है या एक ही PNR पर कुछ यात्रियों के टिकट कन्फर्म और कुछ वेटिंग में रह जाते हैं, तो इस प्लान के तहत रिफंड नहीं मिलेगा. टिकट का सर्विस चार्ज, सुविधा शुल्क, पेमेंट गेटवे चार्ज, छूट और ऑल्टरनेटिव ट्रैवल प्लान का पैसा भी रिफंड की काउंट में शामिल नहीं होता.
ixigo और RailYatri से पता कर सकते हैं वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की संभावना
अगर IRCTC पर टिकट वेटिंग में दिख रहा है, तो ixigo और RailYatri जैसे ऐप भी उपयोगी हो सकते हैं. इन प्लेटफॉर्म पर ट्रेन की उपलब्धता और PNR स्टेटस के साथ वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने की संभावना का अनुमान देखने की सुविधा मिलती है.
RailYatri अपने Confirmation Probability फीचर में पुराने रिजर्वेशन डेटा, त्योहारों के दौरान रूट पर बढ़ने वाली भीड़ और पिछले साल उसी समय कितनी वेटिंग तक टिकट कन्फर्म हुए थे, जैसे आंकड़ों का इस्तेमाल करता है. इसके आधार पर ऐप वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने की संभावना को High, Medium या Low जैसी क्लास में दिखाता है.
इसका फायदा यह है कि यात्री को अंदाजा मिल सकता है कि मौजूदा वेटिंग नंबर के साथ टिकट कन्फर्म होने की संभावना कितनी है. लेकिन यह कोई पक्की भविष्यवाणी नहीं है. अचानक बढ़ी मांग, कैंसिलेशन, ट्रेन की क्षमता और दूसरे कारणों से वास्तविक स्थिति बदल सकती है.
ConfirmTkt पर भी PNR और टिकट की स्थिति देखने के साथ वेटिंग टिकट के लिए कन्फर्मेशन की संभावना का अनुमान मिल सकता है. यहां Alternate Travel Plan जैसे विकल्प भी दिख सकते हैं. ध्यान रखें कि कन्फर्मेशन का अनुमान और टिकट की वास्तविक स्थिति दो अलग चीजें हैं. अंतिम फैसला रेलवे के PNR स्टेटस से ही करें.
IRCTC की VIKALP ऑप्शन से मिल सकती है दूसरी ट्रेन
अगर आपकी पहली पसंद वाली ट्रेन में टिकट वेटिंग में है, तो IRCTC की VIKALP योजना भी काम आ सकती है. इसके तहत यात्री अपनी बुकिंग के समय दूसरी ट्रेनों का विकल्प चुन सकते हैं. अगर मूल ट्रेन में टिकट वेटिंग में रह जाता है, तो रेलवे उपलब्धता के आधार पर दूसरी चुनी हुई ट्रेन में सीट दे सकता है.
इस स्कीम में अधिकतम सात वैकल्पिक ट्रेनें चुनी जा सकती हैं. रेलवे के नियमों के मुताबिक, वैकल्पिक ट्रेन में सीट मिलना उपलब्धता पर निर्भर करता है. VIKALP चुनने का मतलब यह नहीं है कि दूसरी ट्रेन में कन्फर्म बर्थ मिलना तय है.
एक और बात ध्यान रखें. वैकल्पिक ट्रेन का समय मूल ट्रेन से 30 मिनट से लेकर 72 घंटे तक अलग हो सकता है. कुछ मामलों में बोर्डिंग या उतरने का स्टेशन भी बदल सकता है. इसलिए VIKALP का विकल्प चुनने के बाद चार्ट बनने पर PNR स्टेटस जरूर चेक करें.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क