Dreame L40 Ultra AE Review: घर की सफाई पूरी तरह ऑटोमोटिक, रोबोट क्लीनिंग का भारत में बढ़ा क्रेज

Dreame L40 Ultra AE Review: रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर्स की खास बात ये है कि ये आपकी गैरमौजूदगी में भी आपके घर की साफ-सफाई कर सकता है. डस्ट नहीं बचेगा और ना ही कोई स्पॉट. कंपनी का नया क्लीनर बेहद पावरफुल है.

Advertisement
Dreame L40 Ultra AE Review Dreame L40 Ultra AE Review

आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:48 PM IST

भारतीय बाजार में भी अब रोबोट वैक्यूम क्लीनर्स पॉपुलर होते जा रहे हैं. कई कंपनियां तरह तरह के रोबोट क्लीनर्स लॉन्च कर रही हैं. ड्रीमी टेक्नोलॉजी ने हाल ही में भारत में दो नए रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर्स लॉन्च किए हैं. इनमे एक Dreame L140 Ultra AE भी है जो बेहद पावरफुल और पूरी तरह से ऑटोमैटिक है. 

पिछले करीब एक महीने से Dreame L40 Ultra AE को यूज करे के बाद हमारा इसके साथ एक्सपीरिएंस कैसा रहा रिव्यू में बताते हैं. शुरू में लगा था कि ये बस एक और रोबोटिक क्लीनर होगा, लेकिन कुछ दिनों के इस्तेमाल के बाद समझ आया कि ये सच में रोज की सफाई का झंझट काफी हद तक खत्म कर देता है. हालांकि, अगर इसे कंपनी के X Ultra सीरीज से कंपेयर करूं तो थोड़ा फर्क जरूर महसूस होता है.

Advertisement

आसान सेटअप और पावरफुल बेस स्टेशन

सबसे पहले सेटअप की बात करते हैं. बॉक्स खोलते ही आपको एक बड़ा सा बेस स्टेशन और रोबोट मिलता है. बेस स्टेशन का रोल काफी बड़ा है. इसमें धूल जमा करने के लिए बैग, साफ और गंदे पानी के टैंक सब कुछ होता है.

बेस स्टेशन में क्लीन और डर्टी वॉटर टैंक है. ये खुद का बेस स्टेशन के बेस को वॉश करता है. इसी स्टेशन में एक कंपार्टमेंट है जहां आप लिक्विड वॉश डाल सकते हैं. इसी में डस्ट बैग भी लगा है. 

एक बार सेट कर दिया, वाईफाई से ऐड कर दिया और फिर ये मशीन खुद समझ जाती है कि उसे क्या करना है. पहली बार चलाने पर इसकी मैपिंग स्पीड देखकर मैं सच में थोड़ा हैरान हुआ.

बेहतरीन फास्ट मैपिंग

इसने मेरे पूरे घर का नक्शा बहुत जल्दी बना लिया. तीन बेडरूम, हॉल, किचन सब अलग-अलग पहचान लिए. ऐप में साफ दिखने लगता है कि कौन सा कमरा कहां है. इसमें जो लेजर बेस्ड नेविगेशन है, वो घर को स्कैन करके रास्ता बनाता है, इसलिए ये अंधेरे में भी ठीक से काम करता है.

Advertisement

अब सफाई की बात करें तो इसमें करीब 19000Pa तक की सक्शन पावर मिलती है. ये नंबर सुनने में बड़ा लगता है, लेकिन असली बात ये है कि ये रोज की गंदगी के लिए काफी है.

फर्श पर पड़ी धूल, बाल, छोटे डस्ट पार्टिकल ये आराम से उठा लेता है. मेरे घर में रोज हल्की गंदगी होती है और ये उसे बिना परेशानी साफ कर देता है. कार्पेट्स पर भी ये ठीक काम करता है. डेडिकेटेड कार्पेट मोड डीप क्लीनिंग में भी काम आता है. इस दौरान मॉप्स ऊपर की तरफ उठ जाते हैं. 

ह्यूमन और पेट हेयर के लिए खास ब्रश

ब्रश सिस्टम भी यहां ध्यान देने वाला है. इसमें ऐसा डिजाइन दिया गया है जिससे बाल कम उलझते हैं. अगर घर में पालतू जानवर हैं या बाल ज्यादा गिरते हैं तो ये चीज काफी काम आती है. मुझे खुद रोज बाल साफ करने में फर्क महसूस हुआ.

एक्स्ट्रा ब्रश मिलता है जिसे आप लगा सकते हैं. हालांकि ये ब्रश तब ही ऐड करें जब फर्श पर ज्यादा हेयर हैं. दरअसल इसमेें दिया गया इनबिल्ट ब्रश भी बखूबी काम करता है. 

पावरफुल मॉपिंग भी

अब पोंछा करने की बात करें तो इसमें ड्यूल रोटेटिंग मॉप्स मिलते हैं जो घूमते हुए फर्श को रगड़ते हैं. ये सिर्फ पानी फैला कर नहीं चलता, बल्कि हल्का प्रेशर डालकर सफाई करता है.

Advertisement

इसमें एक खास फीचर है जिसमें मॉप थोड़ा बाहर की तरफ निकल जाता है ताकि दीवार के किनारे और कोनों तक पहुंच सके. रोज इस्तेमाल में फर्श साफ और फ्रेश लगता है. CleanGenius मोड में सफाई करेंगे तो ये खुद से गंदगी ढूंढ कर पूरा साफ करेगा. जब तक पूरी सफाई नहीं होगी ये काम करता रहेगा.

ऑटोमेटिक बेस स्टेशन - ना हाथ गंदे ना पैर

सबसे बड़ा बदलाव जो ये मशीन लाती है, वो है इसका लगभग पूरा ऑटोमेशन. बेस स्टेशन अपने आप धूल खींच लेता है, पानी भरता है, गंदा पानी अलग करता है और मॉप को धोकर सुखा भी देता है. डस्ट बैग महीनों चलता है. हालांकि पानी समय समय पर फेंकना पड़ेगा और इसके लिए मशीन खुद ही आपको अलर्ट कर देगी. 

इसका मतलब ये है कि आपको रोज इसे छूने की जरूरत नहीं पड़ती. मैंने कई बार इसे बस शेड्यूल पर छोड़ दिया और ये अपने आप काम करता रहा. इसमें पानी के बड़े टैंक मिलते हैं, जिससे बार-बार भरने की जरूरत नहीं पड़ती. धूल का बैग भी कई दिनों तक चलता है. असल में ये मशीन इस तरह बनाई गई है कि आपको कम से कम मेहनत करनी पड़े.

साइलेंट मोड वर्किंग

आवाज़ की बात करें तो इतनी पावर होने के बाद भी ये बहुत ज्यादा शोर नहीं करता. आम वैक्यूम क्लीनर के मुकाबले ये काफी शांत लगता है. आप आराम से घर में बैठकर काम कर सकते हैं और ये पीछे अपना काम करता रहेगा.

Advertisement

अब नेविगेशन की बात करें तो ज्यादातर समय ये सही चलता है. टेबल, कुर्सी, दीवार सबको पहचान लेता है और टकराता नहीं है. लेकिन कभी-कभी छोटी चीजें जैसे चार्जिंग केबल या छोटे खिलौने इसे परेशान कर सकते हैं. ये हर रोबोट में देखने को मिलता है, तो इसे बड़ी कमी नहीं कहेंगे.

कैमरा कंट्रोल फीचर

इसमें कैमरा भी दिया गया है जिसे आप ऐप से कंट्रोल कर सकते हैं. मीलों दूर बैठ कर भी आप अपना घर साफ होते हुए देख सकते हैं. इंटरनेट स्टेबल हो तो आप इससे अपने घर की लगातार निगरानी भी कर सकते हैं. 

बैटरी भी पावरफुल है. इसमें बड़ी बैटरी दी गई है जो एक बार चार्ज होकर पूरे घर की सफाई कर देती है. अगर बीच में बैटरी कम हो जाए, तो ये खुद जाकर चार्ज हो जाता है और फिर वहीं से सफाई शुरू कर देता है.

मैनुअल कंट्रोल

अगर आप मैनुअल ऑपरेट करना चाहते हैं तो ऐप में मैनुअल कंट्रोल का ऑप्शन है. ये तब काम आता है जब आपको तुरंत किसी जगह को साफ कराना हो. इसके अलाव ऑल, रूम और जोन ऑप्शन्स हैं. ऐप में बनाए गए मैप ओपन करके जहां क्लीनिंग कराना है उसे सेलेक्ट करके क्लीन कर सकते हैं. ये फीचर काफी प्रैक्टिकल है. 

Advertisement

अब थोड़ा सच जो जरूरी है. ये मशीन अच्छी है, लेकिन X 40 Ultra सीरीज जितनी समझदार और परफेक्ट नहीं लगती. कभी-कभी ये एक ही जगह दो बार चला जाता है या कोई छोटा हिस्सा छोड़ देता है. ऐसा बहुत ज्यादा नहीं होता, लेकिन ध्यान देने पर पता चलता है. कई बार कार्पेट पर चढ़ने से पहले वो उसे घसीट देता है.

बालकनी में उतरने में हुई दिक्कत

फर्श पर ज्यादा गहरा गैप या गढ्ढा है तो भी ये उसे पार नहीं कर पाता है. मैने इसे बैलकनी में सफाई करके ट्राई किया, लेकिन नॉर्मम कमरे के फर्श और बालकनी के फर्श में कुछ इंच का गैप था. रोबोट बैलकनी में चला तो जाता है, लेकिन वापस आने में स्ट्रगल करता है और कई बार नहीं आ पाता क्योंकि वो गैप की वजह से चढ़ नहीं पाता है. X 40 Ultra ये काम भी बखूबी करता है.

इसी कंपनी ने हाल ही में ग्लोबल मार्केट में Cyber X भी शोकेस किया था जो स्टेयर्स पर चढ़ जाता है. इसलिए ये देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी आगे क्या इसमें बदलाव करती है. 

ऐप का इस्तेमाल आसान है. आप कमरे चुन सकते हैं, नो-गो एरिया बना सकते हैं, कितनी बार सफाई करनी है ये तय कर सकते हैं. मतलब पूरा कंट्रोल आपके हाथ में रहता है. ऐप का यूजर इंटरफेस क्लीन और प्रैक्टिकल है. इसमें AR स्कैन फीचर भी है जिससे आप पूरे घर को स्कैन करके अपने घर का पूरा 3D खाका इस ऐप में देख सकते हैं. 

Advertisement

अब अगर पूरे एक्सपीरिएंस को एक लाइन में समझाऊं, तो ये रोबोट रोज की सफाई के लिए बहुत बढ़िया है. अगर आप चाहते हैं कि घर साफ दिखता रहे और आपको रोज झाड़ू-पोंछा न करना पड़े, तो ये काफी काम आसान कर देता है. मेड का पैसा तो बचेगा ही. 

मेरे लिए ये एक ऐसा डिवाइस बन गया है जो रोज का समय बचाता है. और सच बताऊं, एक बार इसकी आदत पड़ जाए, तो वापस खुद झाड़ू-पोंछा करने का मन नहीं करता.

आज तक टेक रेटिंग: 9/10

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement