IND-W vs ENG-W: शेफाली अब वनडे डेब्यू में धमाका करने को तैयार, मिताली ने बढ़ाया हौसला

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान (टेस्ट एवं वनडे) मिताली राज ने वनडे डेब्यू को तैयार विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा का हौसला बढ़ाया है. उन्होंने शेफाली से अच्छी शुरुआत की उम्मीद जताई है.

Advertisement
Shafali Verma (Getty) Shafali Verma (Getty)

aajtak.in

  • ब्रिस्टल,
  • 27 जून 2021,
  • अपडेटेड 8:07 AM IST
  • विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा अब वनडे में डेब्यू करेंगी
  • भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान (टेस्ट एवं वनडे) मिताली राज ने वनडे डेब्यू को तैयार विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा का हौसला बढ़ाया है. उन्होंने शेफाली से अच्छी शुरुआत की उम्मीद जताई है. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर यह युवा खिलाड़ी विफल हो जाती है तो भी पारी को फिर से संभालने के लिए टीम के पास बल्लेबाजी की पर्याप्त गहराई है. भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें अब वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. पहला मुकाबला रविवार को ब्रिस्टल में होगा.

Advertisement

टी20 प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने के बाद हरियाणा की 17 साल की शेफाली ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट में 96 और 63 रनों की पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की.

मिताली ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के शुरुआती मुकाबले से पहले कहा, ‘कई बार ऐसा होगा जब वह (शेफाली) हमें शानदार शुरुआत देंगी. हम चाहते हैं कि वह ऐसा लगातार करें, वह हालांकि अभी बच्ची हैं और अनुभव के साथ सीखेंगी, वह यह भी सीखेंगी कि एक पारी कैसे बनाई जाती है.’

उन्होंने कहा, ‘वह पहली बार एकदिवसीय प्रारूप में खेलने वाली हैं, ऐसे में मैं एक कप्तान के रूप में उन्हें उस तरीके से खेलने के लिए प्रोत्साहित करती हूं, जिसमें वह खेलने में सहज हैं, उहें अपनी शैली में बल्लेबाजी करनी चाहिए.’

Advertisement

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘अगर हम शुरुआत में विकेट गंवा देते हैं, तो भी हमारे पास मध्यक्रम में पारी संभालने वाले अनुभवी बल्लेबाज हैं. अगर हमें अच्छी शुरुआत मिलती है, तो उस लय को आगे बढ़ाएंगे. हमारे पास ऐसा करने के लिए बल्लेबाजी में गहराई है.’

इस 38 साल की अनुभवी खिलाड़ी ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है. इंग्लैंड को घरेलू परिस्थितियों से फायदा मिलेगा, लेकिन इंग्लिश लीग में खेलने का अनुभव भारतीय टीम को सीरीज में मदद करेगा.

उन्होंने कहा, ‘हम विश्व कप की तैयारी को लेकर वास्तव में सकारात्मक हैं. लड़कियों ने टेस्ट ड्रॉ के लिए जिस तरह से प्रदर्शन किया, उससे पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है. इंग्लैंड एक बहुत अच्छी टीम है, जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है.’

भारत को मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था और कप्तान चाहती हैं कि टीम न्यूजीलैंड में विश्व कप को ध्यान में रखते हुए जीत की राह पर लौटे.

उन्होंने कहा, ‘न्यूजीलैंड में इंग्लैंड से तेज हवा चलती है. मैं यह नहीं कहूंगी कि परिस्थितियां एक जैसी होंगी, लेकिन कमोबेश वहां के विकेट कहीं बेहतर हैं. पिछली बार जब हम वहां खेले थे, तो यह एक अच्छी एक दिवसीय सीरीज थी. हमारी तैयारी शुरू हो चुकी है, जब हम सीरीज में उतरते हैं तो हम हमेशा जीत की ओर देखते हैं.’

Advertisement

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »