IPL 2020: आज दहाड़ेंगे मुंबई-कोलकाता के 'बिग हिटर्स', निगाहें रसेल और पंड्या पर

IPL के 13वें सीजन के पांचवें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने होंगे. इस मुकाबले के साथ ही कोलकाता की टीम मौजूदा सीजन में अपने अभियान का आगाज करेगी.

Advertisement
IPL: MI vs KKR IPL: MI vs KKR

aajtak.in

  • अबु धाबी,
  • 23 सितंबर 2020,
  • अपडेटेड 9:41 AM IST
  • आईपीएल में आज इस सीजन का 5वां मुकाबला
  • अपने अभियान की शरुआत करेगी KKR की टीम
  • मुंबई का दूसरा मैच, पहले में चेन्नई से मिली हार

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के पांचवें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने होंगे. इस मुकाबले के साथ ही कोलकाता की टीम मौजूदा सीजन में अपने अभियान का आगाज करेगी, जबकि पहले मैच में पराजय का सामना कर चुके रोहित शर्मा के रणबांकुरे जीत की राह पर लौटने को बेताब होंगे. अबु धाबी में यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा.  

Advertisement

मुंबई ने 2013 से कभी भी पहला मैच नहीं जीता है. इस बार भी पहले मैच में उसे पिछली उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने हराया. मुंबई जहां जीत की राह पर लौटने की कवायद में होगी. वहीं, केकेआर का इरादा जीत के साथ आगाज करने का रहेगा. 

MI vs KKR: आंकड़े क्या कहते हैं..? 

आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें, तो मुंबई इंडियंस की टीम कोलकाता पर हावी रही है. दोनों (MI और KKR ) के बीच अब तक 25 मुकाबले (2008-2019) हो चुके हैं, जिनमें से 19 में मुंबई ने बाजी मारी, जबकि कोलकाता को सिर्फ 6 जीत मिली है. 

दोनों टीमों में बिग हिटर्स की कमी नहीं 

दोनों टीमों में बिग हिटर्स की कमी नहीं है. शुभमन गिल का यह तीसरा आईपीएल है, जो मैदान के चारों ओर छक्के लगाने के फन में माहिर हैं. वहीं, ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा सीमित ओवरों के क्रिकेट के शहंशाह हैं और उनके तथा शुभमन के बल्ले के कौशल बीच यह जंग देखने लायक होगी. 

Advertisement

हार्दिक पंड्या और रसेल का मुकाबला 

टी20 क्रिकेट हालांकि सिर्फ बल्ले या तकनीक के कौशल तक सीमित नहीं है. इसमें दमखम की भूमिका अहम है और ऐसे में हार्दिक पंड्या और आंद्रे रसेल का मुकाबला देखने लायक होगा. फिट होकर लौटे पंड्या में सुनील नरेन और कुलदीप यादव के साथ केकेआर के सबसे महंगे खिलाड़ी पैट कमिंस का सामना करने का दम है.

रसेल को भेजा जाएगा ऊपरी क्रम में?

रसेल टी20 क्रिकेट में इस समय सबसे खतरनाक बल्लेबाज हैं. पिछले सत्र में 52 छक्के लगाने वाले रसेल ने बल्लेबाजी क्रम में उन्हें नीचे भेजने पर टीम प्रबंधन की आलोचना की थी. इस बार उन्हें तीसरे नंबर पर उतारने का वादा किया गया है जो विरोधी टीमों को हलकान करने के लिए काफी है.

केकेआर के मेंटॉर डेविड हसी ने हाल ही में कहा था,‘यदि इससे हमें मैच जीतने में मदद मिलती है तो क्यों नहीं. रसेल तीसरे नंबर पर आकर 60 गेंद खेलते हैं तो दोहरा शतक भी बना सकते हैं. वह कुछ भी कर सकते हैं.’ 

KKR के पास मॉर्गन जैसा इंग्लिश कप्तान

केकेआर के पास इयोन मॉर्गन के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सीमित ओवरों का सर्वश्रेष्ठ कप्तान है, जो दिनेश कार्तिक को सलाह दे सकता है. दूसरी ओर मुंबई के पास नाथन कूल्टर नाइल जैसा हरफनमौला है. शनिवार को अच्छी शुरुआत के बावजूद मुंबई टीम नौ विकेट पर 162 रन ही बना सकी थी, ऐसे में सौरभ तिवारी की बजाय वे ईशान किशन को उतार सकते हैं. 

Advertisement

खराब फॉर्म से उबरेंगे जसप्रीत बुमराह..?

जसप्रीत बुमराह पहले मैच में चल नहीं सके और वह ज्यादा देर खराब फॉर्म में रहने वालों में से नहीं हैं. स्पिनर कृणाल पंड्या और राहुल चाहर और तेज गेंदबाजों के अलावा मुंबई के पास पंड्या और कीरोन पोलार्ड के रूप में अतिरिक्त गेंदबाज भी हैं. 

टीमें इस प्रकार हैं -

कोलकाता नाइट राइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान और विकेटकीपर), इयोन मॉर्गन (उपकप्तान), शुभमन गिल, टॉम बेंटन, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, कुलदीप यादव, पैट कमिंस, प्रसिद्ध कृष्णा, लॉकी फर्ग्यूसन, रिंकू सिंह, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी, निखिल नायक, क्रिस ग्रीन, एम सिद्धार्थ, संदीप वॉरियर, वरुण चक्रवर्ती और सिद्धेश लाड.

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, अनमोलप्रीत सिंह, क्रिस लिन, सौरभ तिवारी, धवल कुलकर्णी, जसप्रीत बुमराह, मिशेल मैक्लेनघन, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, मोहसिन खान, प्रिंस बलवंत राय सिंह, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पंड्या, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, अनुकूल रॉय, नाथन कूल्टर नाइल, ईशान किशन, क्विंटन डी कॉक, आदित्य तारे, जेम्स पैटिंसन.
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »