Youth Hockey5s Asian Championship: पाकिस्तान को रौंदकर भारतीय टीम बनी चैम्पियन, वर्ल्ड कप का टिकट भी पक्का, महिला टीम ने जीता सिल्वर

भारत के साथ-साथ फाइनल में पहुंचने के चलते पाकिस्तान ने भी FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया. हालांकि खिताब भारतीय टीम के नाम रहा और टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी.

Advertisement
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को फिर किया पस्त. (Photo: Hockey India) भारतीय टीम ने पाकिस्तान को फिर किया पस्त. (Photo: Hockey India)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • मस्कट,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:14 AM IST

भारत की सब-जूनियर मेन्स हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया. शनिवार (25 जुलाई) को मस्कट में खेले गए मेन्स यूथ हॉकी5s एशियन चैम्पियनशिप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहने का गौरव हासिल किया और अगले साल होने वाले पहले FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया.

Advertisement

भारतीय टीम की जीत के हीरो रोमित पाल, कप्तान केतन कुशवाहा और शाहरुख अली रहे, जिन्होंने एक-एक गोल दागकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. फाइनल में शुरुआत से ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा. तेज पासिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर भारत ने खेल पर पूरा नियंत्रण रखा.

मैच के पांचवें मिनट में रोमित पाल ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. पाकिस्तान पहले हाफ में भारतीय डिफेंस को भेदने में पूरी तरह नाकाम रहा और भारत एक गोल की बढ़त के साथ ब्रेक तक पहुंचा. दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने मैच पूरी तरह अपने कब्जे में कर लिया. कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी.

इसके ठीक एक मिनट बाद शाहरुख अली ने तीसरा गोल दागकर पाकिस्तान की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं. पाकिस्तान के लिए मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

Advertisement

उधर भारतीय महिला सब-जूनियर टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि फाइनल में उसे चीन के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. इस तरह भारत की दोनों टीमों ने टूर्नामेंट का समापन पदक के साथ किया.

हॉकी इंडिया ने इनाम का किया ऐलान
शानदार प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया ने दोनों टीमों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की. पुरुष टीम के हर खिलाड़ी को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे, वहीं सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये मिलेंगे. उधर महिला टीम की हर खिलाड़ी को 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा, साथ ही महिला टीम के सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है. उन्हें भरोसा है कि यही खिलाड़ी भविष्य में सीनियर स्तर पर भी भारत के लिए बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे. वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, कौशल और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »