फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील का पहला मुकाबला मोरक्को के खिलाफ था, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर एक अलग ही नाम ट्रेंड करने लगा. यह नाम था ब्राजीलियन सुपरस्टार नेमार की पार्टनर ब्रूना बियांकार्डी का.
न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में हजारों दर्शकों के बीच मौजूद ब्रूना ने अपने स्टाइल और आत्मविश्वास से ऐसा असर छोड़ा कि कैमरों का फोकस बार-बार उन्हीं पर जा टिकता था. ब्राजील टीम को सपोर्ट करने पहुंचीं ब्रूना की तस्वीरें कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और फैंस ने उन्हें 'वर्ल्ड कप क्वीन' तक का खिताब दे डाला.
मैच से पहले हुए फोटोशूट में ब्रूना ब्राजील के रंगों से प्रेरित खास आउटफिट में नजर आईं. उनके लुक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. इंस्टाग्राम, एक्स और फैन पेजों पर उनकी तस्वीरें तेजी से शेयर होने लगीं. फैन्स कमेंट बॉक्स में लगातार उनकी तारीफ करते दिखाई दिए.
एक यूजर ने लिखा, 'दुनिया की सबसे खूबसूरत फुटबॉल फैन.' दूसरे ने कहा, 'ब्राजील की जीत से पहले ही दिल जीत लिया.' वहीं कई फैन्स ने उन्हें सीधे-सीधे 'World Cup Queen' कहना शुरू कर दिया.
दिलचस्प बात यह है कि चोट के कारण नेमार मोरक्को के खिलाफ मैदान पर नहीं उतर सके. हालांकि वह टीम का हौसला बढ़ाने स्टेडियम जरूर पहुंचे. मुकाबले से पहले ब्रूना और नेमार की मुलाकात ने भी फैन्स का ध्यान खींचा. दोनों ने मैदान के किनारे कुछ खास पल बिताए और परिवार के साथ समय गुजारते नजर आए.
ब्रूना ने अपने आउटफिट के साथ नेमार की मशहूर नंबर-10 जर्सी को भी खास अंदाज में फ्लॉन्ट किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फ्लोरिडा से सीधे नेमार के निजी विमान से न्यूयॉर्क पहुंची थीं ताकि ब्राजील को स्टैंड्स से सपोर्ट कर सकें.
15 मिलियन से ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाली ब्रूना पहले भी कई बार सुर्खियां बटोर चुकी हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है. वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मंच पर उनकी मौजूदगी ने उन्हें टूर्नामेंट की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी फैंस में शामिल कर दिया है.
ब्रूना लंबे समय से नेमार के साथ उनके करियर के अलग-अलग पड़ावों में साथ रही हैं- चाहे वह फ्रांस का दौर हो, सऊदी अरब का सफर या फिर ब्राजील में उनकी वापसी. इस दौरान वह नेमार की गंभीर चोट (ACL) से उबरने की मुश्किल प्रक्रिया में भी लगातार उनके साथ खड़ी रहीं.
अक्टूबर 2023 में नेमार और ब्रूना ने अपनी पहली संतान के रूप में बेटी माविए (Mavie) का स्वागत किया .नेमार का 14 साल का बेटा डेवी लुक्का (Davi Lucca) भी है, जो उनकी पिछली रिलेशनशिप से हुआ था.
इसके अलावा 2024 में उनकी एक और बेटी हेलिना (Helena) का जन्म हुआ, जिसकी मां अलग हैं. हालांकि, 2025 में दूसरी बेटी मेल (Mel) के जन्म को लेकर जो दावा किया जाता है, वह अभी तक व्यापक रूप से कन्फर्म नहीं है.
उधर, ब्राजीलियन फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि नेमार जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे. लेकिन फिलहाल इंटरनेट पर चर्चा गोल, पास या स्कोरलाइन की नहीं, बल्कि ब्रूना बियांकार्डी के उस वायरल जलवे की हो रही है, जिसने वर्ल्ड कप के माहौल में ग्लैमर का तड़का लगा दिया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क