बॉक्सिंग की दुनिया में पसरा मातम...पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर की गोली मारकर हत्या, रिंग में होने वाली थी वापसी

साउथ अफ्रीका के पूर्व वर्ल्ड चैम्पियन बॉक्सर जोलानी टेटे अब हमारे बीच नहीं रहे. जब वे अपनी कार में सवार होकर घर पहुंचे थे दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दी और मौके पर ही जोलानी टेटे की मौत हो गई.

Advertisement
खेल जगत के लिए बुरी खबर (PHOTO: Reuters) खेल जगत के लिए बुरी खबर (PHOTO: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST

बॉक्सिंग की दुनिया से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. साउथ अफ्रीका के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर जोलानी टेटे की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई है. 

38 साल के टेटे पर यह जानलेवा हमला तब हुआ जब वह अपनी कार में बैठे थे. इस घटना ने पूरे साउथ अफ्रीका और खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस के मुताबिक यह घटना ईस्टर्न केप के मडांटसाने इलाके की है. जोलानी टेटे अपनी कार से घर पहुंचे थे और गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे.

Advertisement

लेकिन तभी चेहरे पर नकाब पहने दो हथियारबंद बदमाश उनकी कार के पास पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों से छलनी टेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कार में उनके साथ 27 साल की एक महिला भी मौजूद थी, जो इस हमले में बुरी तरह घायल हो गई है. फिलहाल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ये भी पढ़ें- WTC फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को हर हाल में चाहिए जीत, क्या कोलंबो में होगा श्रीलंका का सूपड़ा साफ? 

नाम दर्ज थी कई बड़ी उपलब्धियां

हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं और पुलिस ने मामले की सघन जांच शुरू कर दी है. जोलानी टेटे को बॉक्सिंग रिंग में प्यार से लास्ट बॉर्न कहा जाता था. जोलानी टेटे का करियर कई शानदार उपलब्धियों से भरा रहा. उन्होंने साल 2007 से 2008 तक डब्लूवीएफ (WBF) फ्लाईवेट वर्ल्ड टाइटल अपने नाम किया था. इसके बाद उनका जलवा कायम रहा और उन्होंने 2017 और 2019 में डब्लूवीओ (WBO) बैंटमवेट का ताज भी पहना.

Advertisement

11 सेकंड में बॉक्सर को नॉकआउट कर रचा था इतिहास

टेटे के नाम वर्ल्ड टाइटल फाइट के इतिहास में सबसे तेज नॉकआउट का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी दर्ज है. साल 2017 में उन्होंने एक मुकाबले में इतिहास रचते हुए अपने ही देश के बॉक्सर सिबोनिसो गोन्या को महज 11 सेकंड में नॉकआउट कर दिया था.

ये भी पढ़ें- 'इतनी डरी-सहमी पाकिस्तानी टीम नहीं देखी...' लीड्स में बेइज्जती के बाद अंग्रेज द‍िग्गज ने धो डाला, रमीज राजा ने भी लताड़ा 

रिंग में वापसी करने की कर रहे थे तैयारी

हालांकि, उनके सुनहरे करियर में एक बुरा दौर भी आया जब साल 2022 में डोपिंग के चलते उन पर चार साल का बैन लगा दिया गया. यह बैन 29 जुलाई 2026 को खत्म होने वाला था. टेटे अपनी सजा पूरी करने के बाद रिंग में एक बार फिर से शानदार वापसी करने की तैयारियों में जी-जान से जुटे हुए थे. लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था और वापसी से पहले ही उनकी हत्या कर दी गई.

साउथ अफ्रीका के खेल और संस्कृति मंत्री गेलटन मैकेंजी ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए इसे देश के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान बताया है. मैकेंजी ने भावुक होते हुए कहा कि साउथ अफ्रीका ने अपना सबसे बेहतरीन फाइटर खो दिया है. मैं उनके परिवार और मडांटसाने के लोगों से कहना चाहता हूं कि आज मेरे पास वो शब्द नहीं हैं जो आपके इस दर्द को कम कर सकें. इस देश में आपके बेटे का नाम हमेशा पूरे सम्मान के साथ लिया जाएगा और हमारा विभाग हर कदम पर आपके साथ खड़ा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »