Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 शुरू होने से पहले भारतीय बॉक्सिंग टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा है. बेलफास्ट में ट्रेनिंग कैंप पूरा करने के बाद ग्लास्गो पहुंची भारतीय टीम का काफी सामान वहीं छूट गया. इस वजह से खिलाड़ियों की तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका है, जबकि बॉक्सिंग मुकाबले शुक्रवार से शुरू होने हैं.
22 सदस्यीय भारतीय बॉक्सिंग दल मंगलवार को बेलफास्ट से ग्लास्गो पहुंचा, लेकिन टीम के कई खिलाड़ियों और कोच का सामान उनके साथ नहीं आ सका. टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, बेलफास्ट से ग्लास्गो के बीच उड़ान भरने वाला विमान आकार में छोटा था, जिसके कारण सभी बैग विमान में नहीं लाए जा सके.
यह भी पढ़ें: CWG 2026: ना हॉकी, ना बैडमिंटन, ना रेसलिंग... 32 साल में सबसे छोटा कॉमनवेल्थ गेम्स, ग्लासगो में होंगे महज 10 खेल
जिन खिलाड़ियों का सामान पीछे रह गया है, उनमें साक्षी चौधरी (51 किग्रा), मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन जैस्मिन लम्बोरिया (57 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), जादुमणि सिंह (55 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा) और पुरुष टीम के हेड कोच सी. कुट्टप्पा शामिल हैं. इनके अलावा कुछ अन्य सदस्यों का सामान भी ग्लास्गो नहीं पहुंच पाया.
सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस सामान में खिलाड़ियों की ट्रेनिंग किट और 24 जुलाई को होने वाली उद्घाटन समारोह (Opening Ceremony) में पहनने वाली सेरेमोनियल ड्रेस भी शामिल है. ऐसे में टीम को उम्मीद है कि बॉक्सिंग प्रतियोगिता शुरू होने से पहले उनका सामान ग्लास्गो पहुंच जाएगा.
दिलचस्प बात यह है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. इससे पहले जब भारतीय बॉक्सिंग टीम दोहा से बेलफास्ट ट्रेनिंग कैंप के लिए रवाना हुई थी, तब भी खिलाड़ियों का सामान समय पर नहीं पहुंचा था और उन्हें इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ी थी.
भारतीय दल की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. टीम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि महिला टीम की कोच को उसी होटल में ठहराने की व्यवस्था नहीं की गई है, जहां भारतीय बॉक्सर रुके हुए हैं. इससे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के बीच तालमेल पर भी असर पड़ सकता है.
अब भारतीय टीम की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनका सामान जल्द से जल्द ग्लास्गो पहुंचे, ताकि खिलाड़ी बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपनी अंतिम तैयारियां पूरी कर सकें. बॉक्सिंग स्पर्धा शुक्रवार से शुरू होगी और भारतीय मुक्केबाज पदक की मजबूत उम्मीदों के साथ रिंग में उतरेंगे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क