फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के बाद हुई हाथापाई अब अर्जेंटीना के खिलाड़ियों पर भारी पड़ी है. FIFA ने स्पेन के खिलाफ खिताबी मुकाबले के बाद हुए विवाद में अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस को 10 मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया है. डिफेंडर नाहुएल मोलिना पर सात मैच और थियागो अल्माडा पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है. खिलाड़ियों के साथ अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) पर भी भारी जुर्माना लगाया गया है.
पिछले महीेने न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप खिताब जीता था. मैच खत्म होने के बाद स्पेनिश खिलाड़ी जश्न मनाने के लिए मैदान पर पहुंचे, तभी दोनों टीमों के बीच तनाव बढ़ा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप परेडेस पर लगे. हाथापाई के दौरान उन्होंने स्पेन के मिडफील्डर गावी को धक्का देकर जमीन पर गिराया और एरिक गार्सिया का गला पकड़ लिया. फीफा ने उनके खिलाफ मारपीट से जुड़े तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए 10 मैचों का प्रतिबंध लगाया. मोलिना को दो मामलों में दोषी पाए जाने के बाद सात मुकाबलों के लिए सस्पेंड किया गया. वहीं अल्माडा को खेल भावना के विपरीत व्यवहार के लिए एक मैच की सजा मिली. अर्जेंटीना के असिस्टेंट कोच रॉबर्टो अयाला पर भी कार्रवाई हुई है. परेडेस और मोलिना पर 90-90 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है. अल्माडा और अयाला को 30-30 हजार डॉलर चुकाने होंगे.
स्पेनिश खिलाड़ी पर भी एक्शन
10 मैचों का प्रतिबंध लिएंड्रो परेडेस के लिए बड़ा झटका है. जून 2027 तक अर्जेंटीना को 10 इंटरनेशनल मुकाबले हैं और सभी फ्रेंडली हैं. ऐसे में सजा बरकरार रहती है तो वह करीब एक साल तक नेशनल टीम से बाहर रह सकते हैं. इस प्रतिबंध को वर्ल्ड कप इतिहास की कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों में गिना जा रहा है. स्पेन के गावी को भी एक मैच के लिए सस्पेंड किया गया है. इसके चलते वह 26 सितंबर को वेम्बली में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला नेशन्स लीग मुकाबला नहीं खेल पाएंगे.
फीफा ने वर्ल्ड कप के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं को लेकर अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन पर भी कार्रवाई की है. इनमें इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जीतने के बाद फॉकलैंड आइलैंड्स से संबंधित राजनीतिक बैनर दिखाने का मामला शामिल है. अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन पर 1.10 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया गया है.
इसके साथ उसे नस्लवाद विरोधी कार्यक्रमों पर एक लाख डॉलर खर्च करने का निर्देश दिया गया है. हालांकि मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन इन प्रतिबंधों और जुर्माने के खिलाफ फीफा में अपील कर सकता है. इसके बाद जरूरत पड़ने पर फैसले को कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) में भी चुनौती दी जा सकती है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क