अर्जेंटीना संग मुकाबले से पहले केप वर्डे की बढ़ी मुश्किल, कप्तान पर लगे रेप के गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी

फीफा वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले से ठीक पहले केप वर्डे के कप्तान रयान मेंडेस मुश्किलों में हैं. पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है. फीफा ने भी पुष्टि की है कि वह न्यूजीलैंड के अधिकारियों के संपर्क में है.

Advertisement
रयान मेंडेस की टीम नॉकआउट में अर्जेंटीन से भिड़ने जा रही है. (Photo: Getty Images) रयान मेंडेस की टीम नॉकआउट में अर्जेंटीन से भिड़ने जा रही है. (Photo: Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • मियामी,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:49 PM IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही केप वर्डे की टीम मुश्किल में फंस गई है. अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले से ठीक पहले टीम के कप्तान रयान मेंडेस पर रेप के गंभीर आरोप लगे हैं. ब्राजील की प्रतिष्ठित मीडिया संस्था ग्लोबो की रिपोर्ट के अनुसार न्यूजीलैंड पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल उनके खिलाफ कोई आपराधिक आरोप तय नहीं किए गए हैं और तहकीकात जारी है.

Advertisement

रयान मेंडेस ने मौजूदा वर्ल्ड कप में ग्रुप चरण के तीनों मुकाबले खेले हैं और टीम को पहली बार नॉकआउट तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. लेकिन अब उनके ऊपर लगे आरोपों ने सनसनी मचा दी है. रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला मार्च 2026 का है, जब केप वर्डे की टीम फीफा सीरीज खेलने न्यूजीलैंड गई थी. आरोप लगाने वाली महिला ब्राजील की नागरिक है और उस दौरे पर टीम के साथ बतौर ट्रांसलेटर काम कर रही थी. महिला का आरोप है कि ऑकलैंड के होटल में रयान मेंडेस जबरन उसके कमरे में घुस गए और उसके साथ शारीरिक एवं यौन उत्पीड़न किया. घटना के बाद उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को शिकायत दी और मेडिकल जांच भी कराई.

ग्लोबो की रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल परीक्षण में महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए. जांच के दौरान योनि में चोट के अलावा गर्दन, होंठ और स्तनों पर भी चोट के निशान मिले. महिला ने कथित तौर पर इन चोटों की तस्वीरें पुलिस को सौंपीं और बाद में ग्लोबो के साथ भी साझा कीं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि महिला ने घटना की जानकारी केप वर्डे फुटबॉल टीम से जुड़े तीन अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन उसे किसी तरह का जवाब नहीं मिला.

Advertisement

फीफा ने पूरे मामले में क्या कहा? 
मामले के सामने आने के बाद फीफा ने भी प्रतिक्रिया दी है. यूएसए टुडे को जारी बयान में फीफा ने कहा, 'हम किसी भी प्रकार के दुराचार के आरोप को बेहद गंभीरता से लेते हैं. इस मामले में न्यूजीलैंड के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं. चूंकि जांच जारी है, इसलिए फिलहाल इससे अधिक टिप्पणी नहीं की जाएगी.'

वहीं, केप वर्डे फुटबॉल महासंघ ने अब तक इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है. यूएसए टुडे के मुताबिक टीम मैनेजमेंट से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. केप वर्डे इस वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी 'डार्क हॉर्स' टीम बनकर उभरी है. स्पेन और उरुग्वे जैसी दिग्गज टीमों वाले ग्रुप में अपराजित रहते हुए नॉकआउट तक पहुंचना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है.

अब केप वर्डे का सामना 4 जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से होना है. लेकिन इस हाईवोल्टेज मुकाबले से पहले कप्तान पर लगे गंभीर आरोपों ने टीम की तैयारियों पर भी असर डाल दिया है. यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच के बीच रयान मेंडेस टीम के साथ बने रहते हैं या नहीं. फिलहाल फीफा या केप वर्डे फुटबॉल महासंघ की ओर से किसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »