ब्राजील की फुटबॉल टीम आएगी भारत! कोलकाता में हो सकता है ऐतिहासिक मैच, बस औपचारिक ऐलान बाकी

भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दुनिया की सबसे सफल और लोकप्रिय फुटबॉल टीमों में शामिल ब्राजील जल्द ही भारत का दौरा कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक FIFA इंटरनेशनल विंडो के दौरान कोलकाता में ब्राजील का एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबला कराने की तैयारी चल रही है.

Advertisement
ब्राजील की टीम भारत में फ्रेंडली मैच खेल सकती है. (Photo: Reuters) ब्राजील की टीम भारत में फ्रेंडली मैच खेल सकती है. (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • कोलकाता,
  • 25 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:07 PM IST

भारतीय फुटबॉल फैन्स का सपना जल्द सच हो सकता है. पांच बार की FIFA वर्ल्ड कप विजेता टीम ब्राजील अक्टूबर में भारत दौरे पर आ सकती है. ईएसपीएन ब्राजील की रिपोर्ट के मुताबिक ब्राजीलियन फुटबॉल महासंघ (CBF) भारत में एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच कराने के लिए स्थानीय आयोजकों के साथ अंतिम चरण की बातचीत कर रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील पहले ही सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो फ्रेंडली मुकाबले खेलने पर सहमत हो चुका है. पहला मैच 25 सितंबर को टाउन्सविले और दूसरा मुकाबला 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा. इसके बाद टीम अक्टूबर की शुरुआत में भारत में तीसरा मुकाबला खेल सकती है. हालांकि, इस मैच में ब्राजील का प्रतिद्वंद्वी कौन होगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है.

Advertisement

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस मुकाबले के आयोजन के लिए कोलकाता को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. हाल ही में अमेरिका में आयोजित FIFA वर्ल्ड कप के दौरान CBF और भारत के आयोजकों के बीच इस प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई थी. अब सिर्फ कुछ औपचारिकताएं और अनुबंध पर हस्ताक्षर बाकी बताए जा रहे हैं. अगर यह समझौता पूरा हो जाता है तो ब्राजील की राष्ट्रीय टीम कई साल बाद भारत में मैदान पर उतरेगी. यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल के लिए भी एक बड़ा आयोजन साबित हो सकता है.

कोलकाता में फुटबॉल को लेकर जबरदस्त क्रेज
ब्राजील के भारत आने की सबसे बड़ी वजह कोलकाता के फुटबॉल प्रशंसकों का जुनून बताया जा रहा है. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के दौरान कोलकाता पूरी तरह ब्राजील के रंग में रंग गया था. शहर की गलियों से लेकर बाजारों तक पीली और हरी जर्सियां नजर आ रही थीं. हजारों प्रशंसक ब्राजील की टीम का समर्थन करते हुए सड़कों पर उतरे थे और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर दुनिया भर में वायरल हुई थीं.

Advertisement

ब्राजीलियन फुटबॉल महासंघ भी इस माहौल से प्रभावित हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, इसी जबरदस्त समर्थन ने भारत में फ्रेंडली मैच कराने की योजना को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. उत्तर कोलकाता के बेनियाटोला इलाके की मशहूर 'FIFA Gully' इस बार भी चर्चा का विषय रही. यहां स्थानीय लोगों ने पूरी गली को वर्ल्ड कप थीम पर सजाया. दीवारों पर नेमार, विनीसियस जूनियर और अन्य दिग्गज खिलाड़ियों की पेंटिंग बनाई गईं. ब्राजील के झंडे, रंग-बिरंगे पोस्टर और फुटबॉल थीम वाली कलाकृतियों ने इस गली को एक मिनी फुटबॉल म्यूजियम का रूप दे दिया.

दिलचस्प बात यह है कि इस पहल की शुरुआत 2014 FIFA वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी. तब स्थानीय लोगों ने अखबारों की कटिंग्स और तस्वीरों से गली सजाई थी. आज यह जगह कोलकाता की फुटबॉल संस्कृति की पहचान बन चुकी है और हर वर्ल्ड कप में हजारों लोग यहां पहुंचते हैं.

कोलकाता को भारत की फुटबॉल राजधानी कहा जाता है. यहां फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि संस्कृति का हिस्सा है. मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग जैसे ऐतिहासिक क्लबों ने इस शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है. भारत भले ही अब तक FIFA वर्ल्ड कप में जगह नहीं बना पाया हो, लेकिन कोलकाता में पीढ़ियों से ब्राजील और अर्जेंटीना जैसी टीमों के लिए अलग ही दीवानगी देखने को मिलती है. हर वर्ल्ड कप के दौरान पूरा शहर इन टीमों के रंग में रंग जाता है.

Advertisement

पहले ऑस्ट्रेलिया, फिर भारत आएगी ब्राजील टीम
रिपोर्ट के अनुसार, यह मुकाबला FIFA के नए 'Super FIFA Window' का हिस्सा हो सकता है. इस नई व्यवस्था के तहत राष्ट्रीय टीमों को 16 दिनों तक का समय मिलता है, जिसमें वे चार तक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल सकती हैं. इसी वजह से ब्राजील ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत में भी फ्रेंडली खेलने की योजना बना रहा है.

अगर यह मुकाबला तय हो जाता है तो यह सिर्फ एक फ्रेंडली मैच नहीं होगा, बल्कि भारतीय फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक अवसर भी होगा. दुनिया की सबसे सफल राष्ट्रीय टीमों में शामिल ब्राजील को भारतीय धरती पर खेलते देखना लाखों प्रशंसकों का सपना रहा है. इसके अलावा इस मैच से भारतीय फुटबॉल को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सकती है. स्टेडियम में हजारों दर्शकों की मौजूदगी, अंतरराष्ट्रीय प्रसारण और दुनिया भर का ध्यान भारतीय फुटबॉल की ओर आकर्षित करेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »