IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में अपने बल्ले से गेंदबाजों के होश उड़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब करियर के एक नए मोड़ पर खड़े हैं. वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है. आयरलैंड दौरे से पहले वैभव श्रीलंका में हैं, जहां वो त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया-ए के लिए धूम मचाने वाले हैं.
इस ट्राई सीरीज में श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीम्स भी भाग ले रही हैं. इंडिया-ए का पहला मुकाबला 9 जून (मंगलवार) को मेजबान श्रीलंक-ए से दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में होना है. भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी.
आईपीएल में तूफानी बल्लेबाजी कर रातोंरात स्टार बने वैभव के सामने अब फिफ्टी ओवर्स क्रिकेट की चुनौती है, टी20 में आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया को प्रभावित करने वाले इस युवा खिलाड़ी को अब यह साबित करना होगा कि वह सिर्फ बड़े शॉट लगाने वाला बल्लेबाज नहीं, बल्कि लंबी रेस का घोड़ा भी हैं.
वैभव ने किया था रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी के लिए पिछले कुछ महीने किसी सपने से कम नहीं रहे. उन्होंने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़े. लेकिन क्रिकेट में असली पहचान सिर्फ एक फॉर्मेट से नहीं बनती. यही वजह है कि अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या वैभव 50 ओवर्स क्रिकेट में भी वही कमाल दिखा पाएंगे, जो उन्होंने टी20 में दिखाया था. श्रीलंका की परिस्थितियां भारत से अलग हैं. यहां स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहता है और बल्लेबाजों को धैर्य के साथ लंबी पारी खेलनी पड़ती है. ऐसे में यह टूर्नामेंट वैभव के खेल की असली परीक्षा माना जा रहा है.
वैभव सूर्यवंशी के लिए भी यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि चयनकर्ता उनकी तकनीक, मानसिक मजबूती और विभिन्न परिस्थितियों में खेलने की क्षमता पर नजर रखेंगे. ऐसे में अगर वह इंडिया-ए के लिए भी शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो उनका कद भारतीय क्रिकेट में और बड़ा हो सकता है.
कप्तान तिलक भी दिखाएंगे दमखम
इस सीरीज में इंडिया-ए की कमान तिलक वर्मा के हाथों में है, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं. प्रभसिमरन सिंह, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम और अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूत संतुलन देते हैं. गेंदबाजी में अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और अरशद खान जैसे तेज गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों को चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की थी. लेकिन अब चुनौती अलग है. यहां उनसे सिर्फ तेजी से रन बनाने की नहीं, बल्कि पारी को संभालने और टीम को जीत दिलाने की उम्मीद होगी. यही वजह है कि श्रीलंका में शुरू हो रही यह त्रिकोणीय सीरीज वैभव के करियर की सबसे अहम परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है.
इंडिया-ए का फुल स्क्वॉड: वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, आयुष बदोनी, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह चरक, अरशद खान, विप्रज निगम, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे और अंशुल कम्बोज.
श्रीलंका-ए का फुल स्कॉड: अविष्का फर्नांडो, नुवानीदु फर्नांडो, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, चमिका गुणसेकरा, रविन्दु फर्नांडो, गरुका संकेथ, विशेन हलंबगे, कुगाथास मथुलन और दुलाज समुदिता.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क