आईपीएल 2026 में गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटने वाले वैभव सूर्यवंशी का भारत ए के लिए लिस्ट-ए मुकाबला उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. दांबुला में श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 14 रन बनाए, लेकिन उनकी छोटी सी पारी ने इंटरनेशनल स्तर के क्रिकेट का एक बड़ा सबक भी दे दिया.
वैभव पर पूरे मैच से पहले सबसे ज्यादा निगाहें थीं. आईपीएल में 776 रन, ऑरेंज कैप और पांच अवॉर्ड जीतने के बाद उनसे धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद थी. क्रीज पर आते ही उन्होंने तीन शानदार चौके लगाए और आत्मविश्वास से भरे नजर आए. ऐसा लग रहा था कि वह अपने आक्रामक अंदाज में बड़ी पारी खेलने वाले हैं.
लेकिन चौथे ओवर में एक पल की अधीरता उन पर भारी पड़ गई. मोहम्मद शिराज की फुल लेंथ गेंद पर वैभव ने मिड-ऑफ के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. वह गेंद को पर्याप्त ऊंचाई नहीं दे सके और कप्तान सहान अराचिगे ने बेहतरीन कैच लपक लिया. 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर उनकी पारी समाप्त हो गई.
यहीं से वैभव के लिए सबसे बड़ा सबक निकलकर सामने आता है. आईपीएल में कई बार उनकी स्वाभाविक आक्रामकता ने उन्हें सफलता दिलाई, लेकिन इंटरनेशनल लेवल के करीब पहुंचते क्रिकेट में सिर्फ प्रतिभा काफी नहीं होती. यहां परिस्थितियों को समझना, पिच का सम्मान करना और सही समय का इंतजार करना भी उतना ही जरूरी होता है.
क्रिकेट के जानकार अक्सर कहते हैं कि वीरेंद्र सहवाग जैसी निडर बल्लेबाजी मैच जिता सकती है, लेकिन विराट कोहली जैसा धैर्य और परिस्थिति के मुताबिक खुद को ढालने की क्षमता करियर बनाती है. उनमें सहवाग जैसा पुट है, पर वैभव को कोहली के हिसाब से खेलना होगा, पिच आपके हिसाब से नहीं है, तभी आने वाले इंटरनेशनल मैचों में चल पाएंगे
दांबुला की पिच पर तेज हवा चल रही थी और गेंदबाजों को भी मदद मिल रही थी. ऐसे में वैभव के पास शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने का मौका था, लेकिन उन्होंने जोखिम भरा विकल्प चुना और विकेट गंवा बैठे.
यह भी पढ़ें: 'विराट कोहली को वापस लाओ, वैभव सूर्यवंशी संग खिलाओ' ओलंपिक गोल्ड के लिए श्रीसंत ने BCCI को दिया मास्टर प्लान
वैभव के लिए यह असफलता निराशा से ज्यादा सीख का अवसर है. आईपीएल में गेंदबाज उनके हिसाब से खेलने को मजबूर थे, लेकिन बड़े स्तर पर बल्लेबाज को परिस्थितियों के हिसाब से खेलना पड़ता है. यही बदलाव उन्हें भविष्य में और खतरनाक बल्लेबाज बना सकता है.
भारत ए vs श्रीलंका एक मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की शुरुआत खराब रही. वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह के जल्दी आउट होने से टीम 16 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला.
ऋतुराज ने 112 गेंदों में शानदार 101 रन बनाए और अपना 21वां लिस्ट-ए शतक जड़ा. तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन की संयमित पारी खेली. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
अंतिम ओवरों में आयुष बडोनी (24 रन, 18 गेंद) और सूर्यांश शेडगे (26* रन, 14 गेंद) ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 50 ओवर में 277/6 तक पहुंचाया.
278 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने दमदार शुरुआत की. निरोशन डिकवेला (47) और अविष्का फर्नांडो (45) ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े. कप्तान सहान अराचिगे ने 72 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया.
एक समय श्रीलंका ए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण में दिख रहा था, लेकिन आखिरी क्षणों में टीम ने आत्मसमर्पण कर दिया. अंतिम 10 गेंदों में उसके आखिरी चार विकेट गिर गए. तेज गेंदबाज अरशद खान ने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया.
आयुष बदोनी (2/46), अनुकूल रॉय (2/49) और अरशद खान (2/24) की अहम गेंदबाजी की बदौलत भारत ए ने श्रीलंका ए को 269 रन पर समेटते हुए 8 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. भारत ए अब 11 जून को अपने अगले मुकाबले में अफगानिस्तान ए से भिड़ेगा.
कैसा है वैभव का लिस्ट ए में अनुभव
श्रीलंका में जारी A-Team Tri Series (OD) का पहला मुकाबला 9 जून 2026 को दांबुला में खेला गया, जिसे लिस्ट A का दर्जा प्राप्त है. यह टूर्नामेंट घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ उभरते और अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के लिहाज से अहम माना जा रहा है. टूर्नामेंट में शामिल टीमें आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की तैयारी के तौर पर इस मंच का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी दावेदारी मजबूत करने का अवसर मिल रहा है.वैसे वैभव लिस्ट ए में 9 मैचों की 9 पारियों में 367 रन 40.77 के एवरेज और 162.38 के स्ट्राइक रेट से बना चुके हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क