वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर फिलहाल ब्रेक? टीम इंडिया मैनेजमेंट ने संजू-अभिषेक पर सुनाया बड़ा फैसला

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने साफ कर दिया है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की दस्तक के बावजूद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह तुरंत नहीं छीनी जाएगी. मॉर्कल ने कहा कि वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है.

Advertisement
15 साल के वैभव का इंतजार जारी... (Photo, Getty) 15 साल के वैभव का इंतजार जारी... (Photo, Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:42 PM IST

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने साफ कर दिया है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की दस्तक के बावजूद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह तुरंत नहीं छीनी जाएगी. मॉर्कल ने कहा कि वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है. हालांकि उन्होंने वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार होंगे.

Advertisement

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने टीम इंडिया के दरवाजे पर इतनी जोरदार दस्तक दी है कि पूरा क्रिकेट जगत उनके डेब्यू का इंतजार कर रहा है. लेकिन भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने साफ संकेत दे दिए हैं कि सिर्फ एक नई प्रतिभा के आने से मौजूदा ओपनिंग जोड़ी की जगह तुरंत नहीं बदलेगी. टीम मैनेजमेंट का मानना है कि जिन्होंने बड़े मंच पर भारत के लिए मैच जिताए हैं, उन्हें कुछ खराब पारियों के आधार पर बाहर करना सही नहीं होगा.

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले से पहले मैनचेस्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मॉर्कल ने कहा कि टीम को अपने खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना होगा. उनके मुताबिक, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन दोनों ने भारत के लिए बड़ी भूमिकाएं निभाई हैं और ऐसे खिलाड़ियों को समय देना ही टीम संस्कृति की पहचान है.

Advertisement

हालांकि मौजूदा दौरे पर दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा है. अभिषेक शर्मा ने पिछली तीन पारियों में एक अर्धशतक और 49 रनों की पारी खेलकर अपनी लय दिखाई है, जबकि संजू सैमसन लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं. उनके बल्ले से 5, 0 और 1 रन की पारियां निकली हैं. इसके बावजूद मॉर्कल ने साफ किया कि टीम किसी खिलाड़ी का आकलन सिर्फ तीन मैचों से नहीं करती.

उन्होंने कहा, 'हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि अभिषेक शर्मा टी20 क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज रह चुके हैं. संजू सैमसन वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने शानदार आईपीएल सीजन भी खेला है. ऐसे में कोचिंग स्टाफ के तौर पर हमारा फर्ज बनता है कि हम अपने खिलाड़ियों पर भरोसा रखें. हां, एक युवा खिलाड़ी दरवाजा खटखटा रहा है और यह रोमांचक है, लेकिन बाकी खिलाड़ियों को भी यह संदेश मिलना चाहिए कि टीम मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ी रहेगी.'

सिर्फ वैभव को खिलाने के लिए नहीं बदलेगा बल्लेबाजी क्रम

मॉर्कल ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम मैनेजमेंट सिर्फ वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए बल्लेबाजों की पोजिशन में बदलाव करने के पक्ष में नहीं है. उनका मानना है कि किसी खिलाड़ी को उसकी स्वाभाविक भूमिका से हटाना टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकता है.

Advertisement

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट में आखिरकार प्रदर्शन ही सबसे अहम है, लेकिन हम खिलाड़ियों को उनकी पसंदीदा पोजिशन से हटाना नहीं चाहते. यह इतना आसान फैसला नहीं है कि बस वैभव को टीम में ले आएं. हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वर्ल्ड कप जीते हैं और कठिन परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है. पहले उन पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है, फिर परिस्थितियों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ टॉप ऑर्डर तैयार किया जाएगा.'

वैभव ने 15 साल की उम्र में किया सबको प्रभावित

भले ही मॉर्कल ने यह नहीं बताया कि वैभव का डेब्यू कब होगा, लेकिन उन्होंने 15 साल के बल्लेबाज की जमकर तारीफ की. उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय ड्रेसिंग रूम में सहज रहना आसान नहीं होता, लेकिन वैभव ने जिस आत्मविश्वास के साथ खुद को ढाला है, उसने सभी को प्रभावित किया है.

मॉर्कल ने कहा, 'उसने टीम के माहौल में खुद को बहुत अच्छी तरह ढाल लिया है. अगर आप खिलाड़ियों के सोशल मीडिया पोस्ट देखें तो वह पहले ही सभी के साथ घुल-मिल चुका है. 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल नेट्स पर उतरना किसी भी खिलाड़ी के लिए डराने वाला अनुभव हो सकता है, लेकिन जितने भी नेट सेशन हुए हैं, उसमें वह बेहद प्रभावशाली रहा है. हम सभी उसके भविष्य को लेकर उत्साहित हैं. जब भी उसे मौका मिलेगा, मुझे पूरा भरोसा है कि वह तैयार होगा.'

Advertisement

प्रिंस यादव और हर्षित राणा की भी तारीफ

मॉर्कल ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की भी जमकर सराहना की. उन्होंने बताया कि लखनऊ सुपर जायंट्स के समय से ही प्रिंस की प्रतिभा पर उनकी नजर थी. नेट गेंदबाज के रूप में भी वह बेहद कुशल दिखाई देते थे और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी दबाव के बीच जिस तरह फैसले लेकर उन्हें लागू कर रहे हैं, वह प्रभावित करने वाला है.

इसके अलावा मॉर्कल ने हर्षित राणा की वापसी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि चोट से लौटने के बाद जिस रफ्तार और आक्रामकता के साथ हर्षित गेंदबाजी कर रहे हैं, वह भारतीय टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है.

कुल मिलाकर मॉर्कल के बयान ने यह साफ कर दिया है कि वैभव सूर्यवंशी का भविष्य बेहद उज्ज्वल माना जा रहा है, लेकिन टीम इंडिया में जगह सिर्फ प्रतिभा के दम पर नहीं, बल्कि सही समय और सही संतुलन के साथ मिलेगी. फिलहाल टीम मैनेजमेंट का पूरा भरोसा संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर कायम है, जबकि वैभव का बहुप्रतीक्षित डेब्यू अभी थोड़ा और इंतजार मांगता दिख रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »