आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया. यह सिर्फ एक मैच जिताऊ पारी नहीं थी, बल्कि रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन भी था. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सफल रनचेज में सबसे बड़ी पारी खेली, जिससे विराट कोहली का रिकॉर्ड पीछे छूट गया.
विनिंग शॉट लगाने के बाद जब संजू सैमसन डगआउट की ओर लौट रहे थे, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी कैप उतारकर झुककर उनका अभिनंदन किया. यह पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) की ओर से शेयर किए वीडियो में सूर्या लगातार सैमसन की तारीफ करते नजर आए. इसी दौरान सैमसन ने हंसते हुए कहा, 'रुलाएगा क्या पगले?'
सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ सही समय पर अच्छी चीजें होती हैं. इससे बेहतर मंच नहीं हो सकता था. टीम में आते ही उसने कहा था कि हम वो करें जो टीम चाहती है, ना कि जो हम व्यक्तिगत रूप से चाहते हैं.' उन्होंने संजू सैमसन के मुश्किल दौर की ओर इशारा करते हुए कहा कि उतार-चढ़ाव हर खिलाड़ी की जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में साहस ही फर्क पैदा करता है.
सूर्यकुमार यादव कहते हैं, 'आईसीसी टूर्नामेंट्स आसान नहीं होते. ऐसे मैच बहादुर खिलाड़ी जिताते हैं. उसने एक छोर संभालकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. वह हर तारीफ का हकदार है.' संजू सैमसन पिछले कुछ समय से टीम में अंदर-बाहर होते रहे थे और बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव झेलते रहे, लेकिन इस बड़े मंच पर उन्होंने धैर्य, संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया.
अब भारतीय टीम का सेमीफाइनल में सामना 5 मार्च (गुरुवार) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा. संजू सैमसन की फॉर्म बरकरार रही, तो टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें और मजबूत होंगी. इस वक्त भारतीय ड्रेसिंग रूम में सिर्फ आत्मविश्वास की भावना है, जिसकी सबसे बड़ी वजह सैमसन हैं.
aajtak.in