नाम: समीर रिजवी, जन्म: 6 दिसंबर 2003, जगह: मेरठ (उत्तर प्रदेश), उम्र 22 साल... ये उस खिलाड़ी की डिटेल है जो कभी करोड़ों की कीमत में नीलाम हुआ, फिर प्रदर्शन खराब हुआ तो पहली टीम ने उनका साथ छोड़ दिया और दूसरी टीमों ने लाखों में खरीदा.
लेकिन इसी खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 के मैच नंबर 5 लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए बतौर इम्पैक्ट प्लेयर बनकर गजब का खेल दिखाया. रिजवी को उनकी 47 गेंदों पर 70 रनों की पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब दिया गया. रिजवी ने अपनी अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए.
कुल मिलाकर आईपीएल में रिजवी ने मौके को दोनों हाथों से भुनाते हुए शानदार नाबाद अर्धशतक जड़ा और दिल्ली कैपिटल्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाई. वो नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए थे.
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम महज 26 रन पर चार विकेट गंवा बैठी. ऐसे मुश्किल हालात में रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स (39 नाबाद रन, 32 गेंद) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए नाबाद 119 रन की साझेदारी की और टीम को 17.1 ओवर में जीत दिला दी.
रिजवी ने बताया कैसे खेली 72 रन की पारी
मैच के बाद रिजवी ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें पहले ही नंबर-4 पर खेलने का भरोसा दिया था. कोच ने कहा था कि तुम नंबर-4 पर खेलोगे और हम तुम्हें बैक करेंगे. बस अपना नैचुरल गेम खेलो.
रिजवी घरेलू क्रिकेट और UPT20 लीग में भी वह इसी क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं, जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिलता है. उन्होंने कहा- यह मेरे लिए बड़ा मौका है और मैं इसे भुनाने की कोशिश कर रहा हूं. मैंने ज्यादा IPL पारियां नहीं खेली हैं, लेकिन कोशिश करूंगा कि लगातार प्रदर्शन करूं. इस पारी को भूलकर अगली मैच पर ध्यान दूंगा.
रिजवी के लिए लखनऊ में खेलना घर में खेलने की तरह था. इसका उन्हें फायदा मिला. उन्होंने कहा- कोई भी खिलाड़ी जब अपने शहर में खेलता है तो उसे कंडीशन, बाउंड्री और माहौल की बेहतर समझ होती है, हालांकि गेंद स्विंग कर रही थी और पिच थोड़ी स्टिकी थी, इसलिए तेज गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाना मुश्किल था. हमारा प्लान था कि स्पिनर्स को टारगेट करें और मौके मिलने पर बड़े शॉट खेलें.
8.40 करोड़ से 95 लाख तक: रिजवी की IPL कहानी
IPL 2024 ऑक्शन में समीर रिजवी ने तब सुखियां बटोरीं जब चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा था. उस समय उन्हें ‘दाएं हाथ के सुरेश रैना’ के तौर पर देखा जा रहा था और उनकी पहचान एक आक्रामक स्पिन-हिटर के रूप में थी.
रिजवी ने अपने IPL डेब्यू में ही इस इमेज को सही साबित किया. उन्होंने पहली ही गेंद पर, जो अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान की थी, स्क्वायर लेग के ऊपर छक्का जड़ दिया. इसके बाद उन्होंने राशिद पर अटैक जारी रखा हुए लॉन्ग-ऑफ के ऊपर एक और शानदार छक्का लगाया.
हालांकि, शुरुआती चमक के बाद उनका परफॉर्मेंस गिर गया. IPL 2024 सीजन में रिजवी सिर्फ 8 पारियों में 51 रन ही बना सके और चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया.
इसके बाद IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने रिजवी को 95 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. इस सीजन में भी उनका परफॉर्मेंस औसत रहा, जहां उन्होंने 4 पारियों में 121 रन बनाए. हालांकि, सीजन के आखिरी मैच में उन्होंने 25 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई और अपनी क्षमता की झलक फिर दिखाई दी.
रिजवी के नतीजों और संभावनाओं को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के लिए उन्हें 95 लाख रुपये की मौजूदा कीमत पर ही रिटेन किया. फ्रेंचाइजी का यह फैसला दिखाता है कि टीम मैनेजमेंट इस युवा बल्लेबाज पर लंबी रेस का घोड़ा मानकर भरोसा करता रहा है.
aajtak.in