भारतीय क्रिकेट टीम में लंबे समय से खिलाड़ियों की फील्डिंग पर काम करने वाले टी दिलीप का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है. हाल के दिनों में टीम इंडिया की फील्डिंग का स्तर काफी गिरा है. खासतौर पर इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर भारतीय खिलाड़ियों ने फील्ड पर कई तरह की गलतियां की.
आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार मिली हार के बाद टीम इंडिया के कोचिंग सेटअप में बदलाव की बातें होने लगी थी. साल 2021 में पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ भारतीय टीम से जुड़ने वाले दिलीप टीम इंडिया के साथ कई बड़ी जीत का हिस्सा रह चुके हैं.
दिलीप को लेकर रोहित ने किया इमोशनल पोस्ट
दिलीप के कार्यकाल खत्म होने पर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट करते हुए उन्हें असली वर्कहॉर्स करार दिया. रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर दिलीप की सराहना करते हुए लिखा कि आप एक लीजेंड हैं दिलीप गुरु. आपने टीम के भीतर जादू बिखेरा है और आप पर्दे के पीछे मेहनत करने वाले असली वर्कहॉर्स हैं. आगे के भविष्य के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं.
दिलीप ने की थी बेस्ट फील्डर मेडल की शुरुआत
दिलीप के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय ड्रेसिंग रूम में बेस्ट फील्डर मेडल की शुरुआत रही. साल 2023 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान शुरू हुई इस परंपरा ने खिलाड़ियों के बीच फील्डिंग को लेकर एक कॉम्पिटिशन पैदा करने का काम किया.
दिलीप ने अपनी विदाई पोस्ट में भी इस मेडल का जिक्र करते हुए लिखा कि ड्रेसिंग रूम में इस मेडल को लेकर खिलाड़ियों के चेहरे पर दिखने वाली खुशी उनके दिल के हमेशा करीब रहेगी. उन्होंने राहुल द्रविड़ और मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर दोनों का शुक्रिया अदा किया.
ये भी पढ़ें- टीम इंडिया से बाहर होते ही छलका दिग्गज का दर्द! छूटा 5 साल पुराना साथ, फैन्स की आंखें भी हुई नम
दिलीप का शानदार रिकॉर्ड
दिलीप के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 के अलावा चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब भारत ने अपने नाम किया. इसके अलावा एशिया कप 2023 और 2025 की ट्रॉफी जीत में भी दिलीप ने अहम भूमिका निभाई थी.
सुभदीप घोष बने नए फील्डिंग कोच
बीसीसीआई ने हाल के दिनों में फील्डिंग में हुई कुछ चूक के बाद दिलीप के कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया. अब उनकी जगह सुभदीप घोष को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है. सुभदीप इससे पहले भारतीय महिला टीम और इंडिया-ए के साथ काम कर चुके हैं. उनकी पहली परीक्षा 15 अगस्त से गॉल में श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क