भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की. इस जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे. वैभव ने इस सीरीज में सबसे अधिक रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया. टी20 में वैभव की धमाकेदार बल्लेबाजी को देखकर उन्हें अब वनडे टीम में शामिल करने की मांग हो रही है.
जिम्बाब्वे दौरे पर 3 मैचों में 151 रन बनाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उन्होंने अपना लोहा मनवाया है. भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज फारुख इंजीनियर ने वैभव को लेकर कहा कि साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के तहत इस युवा बल्लेबाज को तुरंत भारतीय वनडे टीम में शामिल किया जाना चाहिए.
पीटीआई (PTI) से बातचीत करते हुए फारुख इंजीनियर ने भारतीय बैटिंग लाइन-अप में एक बड़े फेरबदल की सलाह दी है. इंजीनियर के मुताबिक वनडे में दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन सबसे बेहतरीन होता है. वैभव के पास पावरप्ले में बड़े शॉट खेलने और गैप ढूंढने की काबिलियत है.
गिल को मिला नया बैटिंग नंबर?
शुभमन गिल को ओपनिंग से हटाकर चौथे नंबर पर भेजने की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि शुभमन गिल इस समय टीम के सबसे क्लास बल्लेबाज हैं. उनके पास इतनी क्वालिटी है कि वे मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकते हैं. इसलिए गिल को नंबर 4 पर खेलना चाहिए.
ये भी पढ़ें- 102 मीटर का छक्का छोड़िए... इस पारी ने बताया- वैभव सिर्फ छक्के मारने नहीं, मैच बनाने भी आए हैं
क्या वनडे के लिए तैयार हैं वैभव?
इंजीनियर के मुताबिक रोहित-वैभव की ओपनिंग, नंबर 3 पर विराट कोहली और नंबर 4 पर शुभमन गिल का कॉम्बिनेशन भारत को दुनिया का सबसे मजबूत बैटिंग ऑर्डर देगा. जब सवाल उठा कि क्या इतनी कम उम्र में वैभव को वनडे का मौका देना सही होगा तो इंजीनियर ने साफ कहा कि टी20 और वनडे में ज्यादा फर्क करने की जरूरत नहीं है. हाफ-वॉली हर फॉर्मेट में हाफ-वॉली ही रहती है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क