पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में बड़ा विवाद सामने आया है, जहां लाहौर कलंदर्स के स्टार बल्लेबाज फखर जमां को दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है. यह कार्रवाई कराची किंग्स के खिलाफ 29 मार्च को खेले गए मुकाबले में गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में की गई है.
मैच के दौरान मैदानी अंपायरों को गेंद की स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत गेंद को बदल दिया गया. साथ ही लाहौर कलंदर्स पर पांच रन की पेनल्टी भी लगाई गई. यह घटना मैच के अहम मोड़ पर हुई थी, और अंत में कराची किंग्स ने मुकाबला आखिरी ओवर में जीत लिया.
इस मामले में ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकट और फैसल खान ने फखर जमां के खिलाफ आचार संहिता के आर्टिकल 2.14 के तहत शिकायत दर्ज कराई. यह नियम गेंद की स्थिति के साथ छेड़छाड़ से जुड़ा है, जिसे गंभीर उल्लंघन माना जाता है.
हालांकि फखर ने आरोपों से इनकार किया, जिसके बाद मामला अनुशासनिक सुनवाई तक पहुंचा. मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने हुई इस सुनवाई में सभी सबूतों की विस्तार से जांच की गई. फखर की गवाही भी ली गई, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उन्हें दोषी पाया गया.
सुनवाई के दौरान लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी, टीम डायरेक्टर समीन राणा और टीम मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद रहे. अंततः फख़र जमां को लेवल-3 उल्लंघन का दोषी मानते हुए दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया.
यह सजा लाहौर कलंदर्स के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि फखर जमां टीम के अहम बल्लेबाजों में से एक हैं. टूर्नामेंट के बीच इस तरह की कार्रवाई से टीम की रणनीति और संतुलन पर असर पड़ सकता है.
aajtak.in