38 चौके, 11 छक्के... टेस्ट क्रिकेट में आया 380 रन का तूफान, इस बल्लेबाज ने ध्वस्त किया था लारा का महारिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने साल 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ पर्थ टेस्ट में 380 रन बनाकर ब्रायन लारा का टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड तोड़ा था. जानिए इस ऐतिहासिक पारी की पूरी कहानी.

Advertisement
23 साल पहले आज ही के दिन मैथ्यू हेडन ने तोड़ा था ब्रायन लारा का रिकॉर्ड (Photo: Getty)   23 साल पहले आज ही के दिन मैथ्यू हेडन ने तोड़ा था ब्रायन लारा का रिकॉर्ड (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 10 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:00 AM IST

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कुछ पारियां ऐसी होती हैं, जिन्हें सालों बाद भी याद किया जाता है. ऐसी ही एक ऐतिहासिक पारी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने खेली थी.

हेडन ने 23 साल पहले आज ही के दिन (10 अक्टूबर) जिम्बाब्वे के खिलाफ पर्थ टेस्ट में 380 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था. इस मैच में हेडन ने ब्रायन लारा का टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया था.

Advertisement

हेडन ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी में 38 चौके और 11 छक्के लगाए थे. करीब 10 घंटे तक क्रीज पर डटे रहकर उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उनकी बल्लेबाजी में शानदार कट शॉट्स, स्ट्रेट ड्राइव और दमदार पुल शॉट्स का ऐसा नजारा देखने को मिला कि गेंदबाजों के पास उन्हें रोकने का कोई जवाब नहीं था.

यह भी पढ़ें: नाना पाटेकर की वो नसीहत भूले नहीं हैं पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली, निधन की खबर ने तोड़ दिया दिल

लारा का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

मैथ्यू हेडन जब इस मुकाबले में बल्लेबाजी करने उतरे, तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे पन्नों में दर्ज करा लेंगे. दूसरे दिन 183 रन बनाकर नाबाद लौटने के बाद हेडन ने अगले दिन भी अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और देखते ही देखते 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया.

Advertisement

इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम था. लारा ने 1994 में इंग्लैंड के खिलाफ 375 रन बनाए थे. हेडन ने 437 गेंदों पर 380 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया और टेस्ट क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया.

ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की बड़ी जीत

इस मैच में टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 735/6d का विशाल स्कोर खड़ा किया. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव वॉ (78) और डेमियन मार्टिन (53) दोनों ने अर्दशतक जड़ा.

यह भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह की कमी, भुवनेश्वर की एंट्री... 4 साल बाद टीम इंडिया में वापसी की असली वजह आई सामने

जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में शॉन एरविन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. 735 रन के जवाब में जिम्बाब्वे की पहली पारी 239 रन पर ऑलआउट हो गई. दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 321 रन पर आउट कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने ये ऐतिहासिक मैच एक पारी और 175 रनों से जीत लिया. 

गिलक्रिस्ट ने भी मचाया धमाल

इस ऐतिहासिक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भी शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 84 गेंदों में शतक जड़कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को और मजबूत किया.

Advertisement

हालांकि, हेडन की 380 रनों की पारी के सामने गिलक्रिस्ट की पारी फीकी ही रही. मैथ्यू हेडन को उनकी इस धमाकेदार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब भी मिला.

यह भी पढ़ें: टेम्बा बावुमा ने दी ऑस्ट्रेलिया को वॉर्निंग... WTC चैम्पियन से टक्कर लेना नहीं होगा आसान

लारा ने दी थी बधाई, फिर वापिस हासिल किया रिकॉर्ड

मैथ्यू हेडन की इस रिकॉर्ड के बाद ब्रायन लारा ने खुद उन्हें फोन करके बधाई दी थी. हालांकि, रिकॉर्ड ज्यादा समय तक हेडन के पास नहीं रहा. करीब छह महीने बाद, अप्रैल 2004 में, लारा ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 400* रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड फिर से अपने नाम कर लिया. हेडन की 380 रनों की पारी आज भी टेस्ट क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में गिनी जाती है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »