आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने नए सीजन के लिए अपनी कोचिंग टीम का ऐलान कर दिया है. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड अब टीम के हेड कोच होंगे. वहीं, भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप और मुंबई के अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी भी नए कोचिंग सेटअप का हिस्सा होंगे.
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया के जरिए इन नियुक्तियों की जानकारी साझा की. फ्रेंचाइजी ने अपने नए कोचिंग सेटअप में ऐसे चेहरों को शामिल किया है, जिनका टीम और भारतीय क्रिकेट से पुराना जुड़ाव रहा है. खास बात यह है कि पोलार्ड, उथप्पा और मैक्लेनघन तीनों ही मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनकर मैदान पर उतर चुके हैं. अब ये तीनों अलग-अलग भूमिकाओं में टीम को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे.
पोलार्ड के हाथों में मुंबई की कमान
कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में रहे हैं. उन्होंने लंबे समय तक फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया और टीम की कई खिताबी सफलताओं में अहम भूमिका निभाई. मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, उपयोगी गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए पहचाने जाने वाले पोलार्ड अब कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे.
पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना रिश्ता रहा है. वह टीम की संस्कृति और खिलाड़ियों की जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं. अब हेड कोच के तौर पर उनके सामने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने और टीम को खिताब की दौड़ में सबसे आगे रखने की चुनौती होगी.
रॉबिन उथप्पा बने बैटिंग कोच
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को मुंबई इंडियंस ने नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है. उथप्पा भी फ्रेंचाइजी के शुरुआती सीजन का हिस्सा रह चुके हैं. अब वह कोच के रूप में मुंबई में वापसी कर रहे हैं.
मुंबई इंडियंस ने उनकी नियुक्ति पर कहा कि उथप्पा के पास खेल की अच्छी समझ है. खिलाड़ियों के साथ संवाद करने की उनकी क्षमता और युवा क्रिकेटरों को सही दिशा दिखाने का अनुभव टीम के लिए उपयोगी होगा. उथप्पा भारतीय क्रिकेट के उन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं, जिन्होंने अलग-अलग प्रारूपों और टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है.
उनकी भूमिका खास तौर पर टीम के बल्लेबाजों को तकनीकी और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाने की होगी. आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में जहां बल्लेबाजों को अलग-अलग परिस्थितियों और गेंदबाजी आक्रमणों का सामना करना पड़ता है, वहां उथप्पा का अनुभव काम आ सकता है.
मैक्लेनघन की मुंबई इंडियंस में वापसी
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच बनाया गया है. मैक्लेनघन मुंबई इंडियंस के लिए पहले भी खेल चुके हैं. वह फ्रेंचाइजी के प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं और टीम की पुरानी सफलताओं से उनका जुड़ाव रहा है.
मुंबई इंडियंस ने उनकी वापसी पर खास अंदाज में स्वागत किया. फ्रेंचाइजी ने लिखा कि जब उसके प्रशंसकों ने 'Get Mitch!' कहा तो वह मैक्लेनघन को वापस ले आई. टीम ने उन्हें ऐसा खिलाड़ी बताया, जिसने हमेशा मुंबई इंडियंस की जर्सी और टीम भावना को पूरे जुनून के साथ जिया.
अब बॉलिंग कोच के रूप में मैक्लेनघन की जिम्मेदारी गेंदबाजों को अलग-अलग परिस्थितियों के लिए तैयार करना होगी. खासकर टी20 क्रिकेट में डेथ ओवरों की गेंदबाजी, शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने और दबाव के समय सही रणनीति अपनाने पर उनका अनुभव उपयोगी हो सकता है.
टी दिलीप को मिली फील्डिंग की जिम्मेदारी
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप मुंबई इंडियंस के नए फील्डिंग कोच होंगे. भारतीय टीम के साथ उनका कार्यकाल काफी चर्चा में रहा है. तीन ICC खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों के साथ जुड़े रहे दिलीप को खिलाड़ियों के साथ उनके जोशीले अंदाज और फील्डिंग में ऊर्जा भरने के लिए जाना जाता है.
भारतीय टीम में रहते हुए उनके फील्डिंग से जुड़े प्रयासों और मेडल सेरेमनी के अनोखे अंदाज ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं. मुंबई इंडियंस ने उनके इसी जोश और जुनून का जिक्र करते हुए उनका स्वागत किया. अब वह टीम के खिलाड़ियों की फील्डिंग, फिटनेस और मैदान पर चुस्ती को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे.
धवल कुलकर्णी बने डेवलपमेंट बॉलिंग कोच
मुंबई के पूर्व तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया गया है. धवल मुंबई क्रिकेट का जाना-पहचाना नाम हैं और घरेलू क्रिकेट में उनका लंबा अनुभव रहा है. वह मुंबई की ओर से खेलते हुए कई अहम मुकाबलों का हिस्सा रहे हैं.
मुंबई इंडियंस ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें मुंबई का अपना खिलाड़ी और घरेलू क्रिकेट का अनुभवी चेहरा बताया. डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के तौर पर उनकी भूमिका युवा गेंदबाजों को तैयार करने और उनकी प्रतिभा को निखारने की होगी. इससे फ्रेंचाइजी को भविष्य के लिए गेंदबाजी विकल्प तैयार करने में मदद मिल सकती है.
ऐसा होगा मुंबई इंडियंस का नया कोचिंग स्टाफ
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए पांच प्रमुख कोचिंग नियुक्तियों का ऐलान किया है.
मुंबई इंडियंस का नया कोचिंग सेटअप अनुभव और पुराने रिश्तों का मेल है. पोलार्ड को हेड कोच की कमान सौंपकर फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व खिलाड़ी पर भरोसा जताया है. वहीं उथप्पा और मैक्लेनघन की वापसी से टीम को ऐसे चेहरे मिले हैं, जो पहले भी मुंबई की जर्सी पहन चुके हैं. अब आईपीएल 2027 में इस नई कोचिंग टीम के सामने मुंबई इंडियंस को एक बार फिर चैम्पियन बनाने की चुनौती होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क