थाला, कैप्टन कूल, मास्टरमाइंड, माही... ऐसे तमाम नामों से सुशोभित एमएस धोनी 44 साल की उम्र में एक बार फिर अपना जलवा दिखाते हुए नजर आएंगे. 28 मार्च से IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) का आगाज हो रहा है. धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से है.
महेंद्र सिंह धोनी को लेकर यह अनुमान है, और इसे अनुमान ही माना जाए कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है. क्योंकि धोनी का दूसरा मतलब सरप्राइज है, ऐसे में यह बड़ी बात नहीं होगी कि वह आने वाले समय में कुछ और सीजन भी खेलते दिख जाएं.
धोनी खेलें और खूब खेलें यही उनका फैनबेस चाहता होगा, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस बार जब संजू सैमसन चेन्नई की टीम में आ गए हैं, और वो खुद भी विकेटकीपर हैं तो अब आगे क्या होगा? वहीं इस टीम में विकेटकीपर का एक विकल्प उर्विल पटेल टीम भी हैं, ऐसे में थाला किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे.
धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम में क्या भूमिका होगी? क्या वो इम्पैक्ट प्लेयर बनकर खेलेंगे, या वो खिलाड़ी के तौर पर रहेंगे, इसे लेकर सवालों के कई धुंध हैं. सवाल सिर्फ खेलने का नहीं है, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन का भी है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि चेन्नई की टीम की जो फॉलोइंग है, उसकी एक वजह 'ब्रांड धोनी' ही हैं, वो मैदान पर आते हैं उसके बाद जो सैलाब उनके लिए दिखता है, उसका अलग ही क्रेज है. पिछले कुछ सीजन में धोनी ने भले ही टॉप ऑर्डर पर आकर ना खेल रहे हों, लेकिन वो जितनी गेंदें भी खेलते हैं, उस दौरान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग में भी एक स्पाइक (उछाल) देखने को मिलता है.
2023 सीजन के दौरान रवींद्र जडेजा ने एक बयान में कहा था कि जब भी वह CSK के लिए टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो फैन्स उनके जल्दी आउट होने की दुआ करते हैं ताकि माही भाई (धोनी) को बल्लेबाजी करते देख सकें. यह साफ दिखाता है कि धोनी के लिए फैन्स चाहते हैं कि वो ऊपरी क्रम में आए और खेलें.
फैन्स की यह बात कई दिग्गज क्रिकेटर भी कह चुके हैं, हाल में एबी डिविलयर्स ने हाल ही में धोनी की भूमिका को लेकर सवाल खड़ा किया था. डिविलियर्स ने साफ कहा था कि अगर धोनी नीचे बल्लेबाजी कर रहे हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे, तो ऐसा लगता है कि वह गलत वजह से टीम में जगह भर रहे हैं.
एबी ने सुझाव दिया था कि धोनी को ऊपर बल्लेबाजी करनी चाहिए, कम से कम नंबर 6, और कभी-कभी 5 या 4 पर भी. दरअसल, यह वही बात है जो चेन्नई सुपर किंग्स के घरेलू मैदान एमए चिदम्बरम (चेपॉक) के फैन्स पिछले एक सीजन से महसूस कर रहे थे, लेकिन खुलकर कह नहीं पा रहे थे, बार-बार मन मसोसकर रह जा रहे थे.
पिछले कुछ सालों में चेपॉक में चेन्नई के आईपीएल मैच में सिर्फ एक सवाल फैन्स की आंखों से साफ झलकता है, और वो है धोनी कब बल्लेबाजी के लिए आएंगे? कमेंटेटेर्स भी कमेंट्री करते हुए इसी इंतजार में रहते थे. जैसे ही वो ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियों पर दिखते हैं, पूरा माहौल बदल जाता था, नॉइस मीटर (शोर मीटर) में भी स्पाइक दिखता था. उनका ड्रेसिंग रूम में खड़ा होना और कुछ हरकत करना ही खबर बन जाता है.
आईपीएल 2025 में धोनी ने 2 बार नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की
अगर आंकड़ों की बात करें तो आईपीएल 2025 में धोनी ने 14 मैचों की 13 पारियों में बल्लेबाजी की, इस दौरान वो ज्यादातर निचले क्रम पर ही बल्लेबाजी करने आए. धोनी ने नंबर 5 पर पर एक बार बल्लेबाजी की और 27 रन बनाए. छठे नंबर पर 2 मैचों में 16 रन बनाए. सातवें नंबर पर उन्होंने 4 मैचों में 83 रन बनाए. आठवें नंबर पर धोनी ने 4 मैचों में 39 रन बनाए.
हद तो यह रही कि धोनी ने आईपीएल के पिछले सीजन में 2 बार तो नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की. RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) के खिलाफ वो 28 मार्च को नौवें नंबर पर खेलने उतरे और नाबाद 30 रन बनाए.
वहीं 11 अप्रैल को KKR (कोलकाता नाइटराइडर्स) के खिलाफ भी वो नौवें नंबर पर खेलने आए और 1 रन बनाकर आउट हो गए. हैरानी की बात तो यह रही उस मुकाबले में धोनी से ऊपर खेलने के लिए रविचंद्रन अश्विन, विजय शंकर जैसे खिलाड़ी आए थे.
धोनी अपने पूरे आईपीएल करियर में कभी नौवें नंबर पर शुरुआती समय में नहीं खेले, लेकिन पिछले कुछ सीजन में वो निचले क्रम पर खेलने के लिए आए. धोनी पिछले सीजन में डेथ ओवर्स में खेलने आ रहे है और वो भी बहुत देरी में, ये वो समय है जब उनकी टीम ज्यादातर मौकों पर मुश्किल में थी, रन ज्यादा चाहिए थे और विकेट कम बचे थे. उनकी कुछ पारियां यादगार रहीं, लेकिन कई बार टीम हार भी गई. चेपॉक का शोर, जो कभी जीत की गारंटी लगता था, वह भी शांत हो गया.
धोनी की साल दर साल बल्लेबाजी पोजीशन
| बैटिंग पोजीशन | साल | मैच | रन | एवरेज | स्ट्राइक रेट |
| 4 | 2008–2023 | 57 | 1360 | 37.77 | 137.93 |
| 5 | 2008–2025 | 65 | 1722 | 45.31 | 146.67 |
| 3 | 2008–2022 | 08 | 196 | 32.66 | 124.84 |
| 6 | 2008–2025 | 43 | 876 | 36.5 | 126.77 |
| 7 | 2012–2025 | 25 | 444 | 34.15 | 133.73 |
| 8 | 2023–2025 | 14 | 236 | 47.2 | 173.52 |
| 9 | 2024–2025 | 03 | 31 | 15.5 | 147.61 |
धोनी ऊपरी क्रम पर बललेबाजी करने क्यों नहीं आते?
सवाल है कि धोनी टॉप ऑर्डर में खेलने क्यों नहीं आते, तो इसकी वजह है कि टीम में पहले से ऋतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और अब संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी हैं. ऐसे में धोनी का ऊपर आने से किसी युवा खिलाड़ी को नीचे खेलना होगा.
ऐसे में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नीचे बल्लेबाजी करना एक विकल्प हो सकता है, जहां कम गेंदों में ज्यादा असर डाला जा सके, लेकिन अब विरोधी टीमें भी इसके लिए तैयार हैं, पिछले सीजन में स्पिनरों का इस्तेमाल खासतौर पर धोनी के खिलाफ किया है, क्योंकि 44 साल की उम्र में उनके रिफ्लेक्स पहले जैसे नहीं हैं.
कुल मिलाकर डिविलियर्स की बात इस पूरे मुद्दे का सार है- धोनी जैसे खिलाड़ी को सिर्फ टीम में जगह भरने के लिए नहीं होना चाहिए. उनको अपना पुराना इम्पैक्ट दिखाना होगा और हेलिकॉप्टर चलाना होगा.
IPL 2025 में धोनी की एंट्री पोजीशन
वहीं यह बात तो तय है कि धोनी का खुद चेन्नई सुपर किंग्स से अलग तरह का लगाव है. मार्च 2025 में अपने रिटायमेंट की अटकलों पर जवाब देते हुए धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा था- अगर मैं व्हीलचेयर पर भी रहूंगा, तब भी CSK वाले मुझे (मैदान पर) खींच लाएंगे. उनका यह बयान उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के प्रति वफादारी और टीम के उनके प्रति अटूट विश्वास को दर्शाता है. ऐसे में धोनी और CSK एक दूसरे के पर्याय हैं.
Krishan Kumar