13 छक्के, 11 चौके... ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने MLC में काटा गदर, टूटते-टूटते बचा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

मिचेल ओवेन की इस धमाकेदार पारी ने ना सिर्फ वॉशिंगटन फ्रीडम को जीत दिलाई, बल्कि यह भी दिखा दिया कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज में बड़े मंच पर मैच बदलने की काबिलियत है. मिचेल ओवेन को इस साल टी20 वर्ल्ड कप के लिए कंगारू टीम में जगह नहीं मिली थी.

Advertisement
मिचेल ओवेन में MLC में जड़ा ऐतिहासिक शतक... (Photo: MLC) मिचेल ओवेन में MLC में जड़ा ऐतिहासिक शतक... (Photo: MLC)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • डलास,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:06 PM IST

मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मिचेल ओवेन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया. वॉशिंगटन फ्रीडम के सलामी बल्लेबाज ओवेन ने MI न्यूयॉर्क के खिलाफ सिर्फ 68 गेंदों में 155 रनों की तूफानी पारी खेली. MLC के इतिहास में किसी बल्लेबाज का ये सर्वोच्च स्कोर रहा.

रविवार (21 जून) को डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मिचेल ओवेन ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने 11 चौके और 13 छक्कों की मदद से 155 रन बनाए और वॉशिंगटन फ्रीडम को 245/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. उनकी इस पारी ने टूर्नामेंट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए और क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

Advertisement

मिचेल ओवेन ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 57 गेंदों में 134 रनों की साझेदारी की. स्मिथ ने दूसरे छोर से उनका साथ दिया, जबकि ओवेन लगातार बड़े शॉट खेलते रहे. स्मिथ के आउट होने के बाद भी ओवेन नहीं रुके और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्क चैपमैन के साथ मिलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया.

दोनों बल्लेबाजों के बीच 82 रन की साझेदारी हुई. मिचेल ओवेन की बल्लेबाजी देखकर विपक्षी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. मैदान के हर कोने में उन्होंने शॉट लगाए और MI न्यूयॉर्क के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया.

...तो टूट जाता गेल का 'महारिकॉर्ड'
दिलचस्प बात यह रही कि जब मिचेल ओवेन आउट हुए, तब पारी में 19 गेंदें बाकी थीं. 17वें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने अपनी ही गेंद पर शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत किया. बता दें कि टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर क्रिस गेल ने बनाया हुआ है. वेस्टइंडीज के इस दिग्गज बल्लेबाज ने IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया (PWI) के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे.

Advertisement

यह पारी मिचेल ओवेन के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि पिछले 16 महीनों में किसी भी प्रारूप में यह उनका पहला शतक था. इस साल खराब बिग बैश लीग (BBL) सीजन के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली थी. ऐसे में यह पारी उनके लिए जोरदार जवाब साबित हुई.

155 रनों का यह स्कोर मिचेल ओवेन के प्रोफेशनल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है. इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 149 रन था, जो उन्होंने 2025 में तस्मानिया के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में बनाया था. इस पारी के साथ वह टी20 क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की सूची में एरॉन फिंच के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. फिंच के नाम 172 और 156 रनों की पारियां दर्ज हैं.

मिचेल ओवेन के ताबड़तोड़ शतक के दम पर वॉशिंगटन फ्रीडम ने 5 विकेट पर 245 रन बनाए. जवाब में MI न्यूयॉर्क की टीम 6 विकेट पर 215 रन बना सकी और उसे 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »