आईपीएल-2026 के अपने पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की हार के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे के चेहरे पर सिर्फ निराशा नहीं, बल्कि कई अनसुलझे सवाल भी साफ झलक रहे थे. 220 रन जैसा विशाल स्कोर बनाने के बावजूद टीम 6 विकेट से मैच गंवा बैठी और इस हार की पटकथा में सबसे बड़ा ‘ट्विस्ट’ रहा 25.20 करोड़ रुपये के खिलाड़ी कैमरन ग्रीन का गेंदबाजी से पूरी तरह गायब रहना.
ग्रीन को KKR ने सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर नहीं खरीदा था. उनकी मीडियम पेस टीम के संतुलन की रीढ़ मानी जा रही थी. लेकिन जब मैच में एक भी ओवर उनसे नहीं डलवाया गया, तो सवाल उठना लाजिमी था.
रहाणे से जब यही पूछा गया, तो उनका जवाब किसी कवर ड्राइव की तरह सीधा और तेज था- 'ये सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए.'
इस एक लाइन में पूरी कहानी छिपी थी- ग्रीन की गेंदबाजी पर ‘ऊपर से’ ब्रेक लगा है, और KKR के हाथ बंधे हुए हैं.
मुंबई की ओपनिंग जोड़ी ने बना दिया ‘वन-साइडेड शो’
मैदान पर जो हुआ, उसने KKR की कमजोर नस को पूरी तरह उजागर कर दिया. रोहित शर्मा (78) और रयान रिकेल्टन (81) ने 148 रनों की साझेदारी कर मैच को शुरुआत में ही एकतरफा बना दिया.
गेंदबाजों के पास न प्लान दिखा, न धार
वरुण चक्रवर्ती की ‘मिस्ट्री’ अब पहेली कम और खुली किताब ज्यादा लगने लगी. तेज गेंदबाजों में अनुभव और नियंत्रण दोनों की कमी साफ दिखी. ऐसे में एक अतिरिक्त गेंदबाज और वो भी ग्रीन जैसा...कितना फर्क ला सकता था, ये किसी से छिपा नहीं.
हार के बाद रहाणे ने बातों को घुमाया नहीं, बल्कि सच्चाई को सामने रखा, 'उम्मीद है ग्रीन जल्द गेंदबाजी शुरू करेंगे, तब हमारा कॉम्बिनेशन बदलेगा. अभी गेंदबाजी अटैक अनुभवहीन है, लेकिन ये लड़के सीखेंगे. ये एक लर्निंग कर्व है.'
उन्होंने यह भी माना कि मुंबई ने बेहतर बल्लेबाज़ी की, लेकिन साथ ही यह इशारा भी कर दिया कि KKR की असली चुनौती बैटिंग नहीं, बॉलिंग है.
‘मैं अभी भी युवा हूं!’- मुस्कान के पीछे छिपा आत्मविश्वास
रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली, और अपनी फॉर्म पर हल्के अंदाज में कहा- 'मैं अभी भी युवा हूं!' यह मजाक जरूर था, लेकिन इसके पीछे उनका आत्मविश्वास साफ झलकता है. उन्होंने जोड़ा, 'हमने बल्लेबाजी बहुत अच्छी की, लेकिन असली बैलेंस गेंदबाजी से आएगा.'
चोट पर भी अपडेट: राहत की खबर
मैच के दौरान रहाणे चौथे ओवर में लंगड़ाते दिखे, जिससे फैन्स की चिंता बढ़ गई. लेकिन उन्होंने साफ कर दिया- 'बस क्रैम्प्स हैं, खासकर पिंडलियों में. जल्द ठीक हो जाऊंगा.'
KKR की कहानी- ‘फायर’ और ‘फ्लॉ’
इस मैच ने KKR की पूरी तस्वीर साफ कर दी.
बैटिंग: विस्फोटक, भरोसेमंद
मैच जिताने वाली बॉलिंग: अनुभवहीन, असंतुलित, दबाव में बिखरने वाली और इन दोनों के बीच जो ‘मिसिंग पीस’ है, वो है कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी.
जब तक ये पहेली हल नहीं होती, KKR की टीम आधी अधूरी ही नजर आएगी. क्योंकि T20 में सिर्फ रन बनाना काफी नहीं, उन्हें बचाना भी उतना ही जरूरी है.
ग्रीन की गेंदबाजी से उठा पर्दा
अब इस पर स्थिति साफ हो गई है. Cricket Australia ने सोमवार को पुष्टि की कि ग्रीन लोअर बैक इंजरी से जूझ रहे हैं और एहतियातन उन्हें कुछ समय तक गेंदबाजी से दूर रखा गया है. बोर्ड के अनुसार, ग्रीन फिलहाल अपनी बॉलिंग वर्कलोड को धीरे-धीरे बढ़ा रहे हैं और 10-12 दिनों में उनकी वापसी की उम्मीद है. उनकी पीठ की सर्जरी 2024 के अंत में हुई थी, जिसके बाद से उनकी फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
aajtak.in