इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-46 में गुजरात टाइटन्स (GT) ने पंजाब किंग्स (PBKS) पर 4 विकेट से जीत हासिल की. रविवार (3 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला और बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी.
टॉस जीतकर गुजरात टाइटन्स ने पहले गेंदबाजी चुनी और नई गेंद से शानदार अनुशासन दिखाते हुए पंजाब किंग्स की टॉप ऑर्डर को पूरी तरह झकझोर दिया. श्रेयस अय्यर की टीम ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए और एक समय स्कोर 47/5 था. इस मुश्किल स्थिति में सूर्यांश शेडगे ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 29 गेंदों पर 57 रनों की अहम पारी खेली. उनकी इस इनिंग्स ने पंजाब को 163/9 तक पहुंचाया, जो एक समय असंभव सा लग रहा था. गुजरात की ओर से जेसन होल्डर ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके.
यह भी पढ़ें: कौन हैं सूर्यांश शेडगे? जिन्होंने IPL में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ बल्ले से मचाया धमाल, ऐसा रहा है करियर
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम के लिए भी यह मुकाबला आसान नहीं रहा. पिच की धीमी गति और असमान उछाल ने बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया. बावजूद इसके साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी भरी पारियां खेलीं और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. अंततः गुजरात ने चार विकेट शेष रहते आखिरी ओवर में जीत हासिल कर ली.
श्रेयस ने पिच को लेकर जताई नाराजगी
मैच के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिच पर सवाल उठाए. अय्यर ने यह भी कहा कि शुरुआती चार विकेट गिरने के बाद ऐसी पिच पर 160 से अधिक का स्कोर बनाना टीम के लिए एक शानदार प्रयास था. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि गेंदबाजी में निरंतरता नहीं दिखी, जिसकी वजह से टीम लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी.
श्रेयस अय्यर कहते हैं, 'मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन स्कोर था, खासकर उस विकेट पर जहां नई गेंद से मदद मिल रही थी. उन्होंने जिस तरह सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की, उससे हमें शुरुआत में खुलकर खेलने का मौका ही नहीं मिला. पावरप्ले में चार विकेट गिरने के बाद 160 तक पहुंचना वाकई शानदार प्रयास था. नई गेंद से हम उतनी सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाए, जितनी हमें करनी चाहिए थी.'
यह भी पढ़ें: 'शादी कब कर रहे?' शुभमन से कमेंटेटर ने पूछा सवाल, चौंक गए गुजरात टाइटन्स के कप्तान, VIDEO
पिच की चुनौती को रेखांकित करते हुए श्रेयस अय्यर ने कहा, 'इस विकेट पर पुल शॉट खेलना आसान नहीं था क्योंकि बाउंस अनियमित था और गेंद रुककर आ रही थी.' हालांकि, हार के बावजूद उन्होंने टीम के जज्बे की सराहना की और कहा, 'हम इस मैच से कई सकारात्मक बातें लेकर आगे बढ़ेंगे. टीम का एटीट्यूड और अप्रोच शानदार रहा.'
इस जीत के बावजूद गुजरात टाइटन्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर ही बरकरार है. वहीं टॉप पर कायम पंजाब किंग्स अब अगले मुकाबले में वापसी की कोशिश करेगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क