मोहम्मद शमी ने IPL में रचा इतिहास... पहली ही गेंद पर झटका विकेट, इस गेंदबाज का रिकॉर्ड चकनाचूर

मोहम्मद शमी ने IPL में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. लखनऊ सुपर जायंट्स के इस अनुभवी पेसर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में पहली ही गेंद पर विकेट लेकर राजस्थान रॉयल्स के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को पीछे छोड़ दिया.

Advertisement
आईपीएल 2026 में शमी का शानदार प्रदर्शन... (Photo: PTI) आईपीएल 2026 में शमी का शानदार प्रदर्शन... (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • लखनऊ,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:00 AM IST

अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं. शमी का सेलेक्शन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी नहीं किया गया है. हालांकि शमी घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. शमी ने शनिवार (23 मई) को पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में भी अपनी छाप छोड़ी

Advertisement

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मोहम्मद शमी ने मैच की पहली गेंद पर पंजाब किंग्स के युवा ओपनर प्रियांश आर्य को आउट कर सबको चौंका दिया. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे शमी की तेज बाउंसर पर प्रियांश सही टाइमिंग नहीं कर सके और गेंद सीधे मिडविकेट पर खड़े अर्जुन तेंदुलकर के हाथों में चली गई. इस विकेट के साथ शमी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार इनिंग्स की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. उन्होंने छठी बार यह कारनामा किया और जोफ्रा आर्चर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने पांच बार ऐसा किया था.

मोहम्मद शमी का यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि किसी भी बल्लेबाज के लिए मैच की पहली गेंद खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है और शमी ने इसे अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया है. टी20 क्रिकेट की बात करें तो इस खास लिस्ट में पाकिस्तान के शाहीन आफरीदी और इंग्लैंड के ल्यूक वुड सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 9-9 बार पहली गेंद पर विकेट लिया है. वहीं डेविड विली ने 8 और ट्रेंट बोल्ट ने 7 बार यह कमाल किया है.
यह भी पढ़ें: पंजाब प्लेऑफ की रेस में बरकरार, कप्तान श्रेयस अय्यर के शतक के दम पर लखनऊ को हराया

Advertisement

मोहम्मद शमी अब भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद आमिर, डिर्क नानेस और सोहेल तनवीर जैसे गेंदबाजों की बराबरी पर पहुंच गए हैं. इन गेंदबाजों ने भी टी20 क्रिकेट में 6-6 बार इनिंग्स की पहली गेंद पर विकेट झटके. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शमी ने पारी की पहली गेंद पर अब तक सिर्फ 40 रन खर्च किए हैं और उनका औसत 6.66 का रहा है. यह आंकड़ा उनकी घातक गेंदबाजी की कहानी खुद बयां करता है.

प्रियांश आर्य का विकेट लेने के बाद मोहम्मद शमी ने पंजाब किंग्स के इन-फॉर्म बल्लेबाज कूपर कोनोली को भी पवेलियन भेजा. आईपीएल 2026 में शमी ने 13 पारियों में 12 विकेट चटकाए. शमी लगातार टीम इंडिया के दरवाजे पर लगातार दस्तक दे रहे हैं. हालांकि शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद शमी को एक तरह से इग्नोर किया जा रहा है.

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ कहा कि फिलहाल मोहम्मद शमी का शरीर सिर्फ T20 क्रिकेट खेलने के लिए तैयार है. लेकिन आईपीएल में जिस तरह शमी लगातार बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं, उसे देखकर यह सवाल जरूर उठ रहा है- क्या टीम इंडिया उन्हें ज्यादा दिन तक नजरअंदाज कर पाएगी?

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement