अर्जुन तेंदुलकर को आखिरकार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मौका मिल ही गया. अर्जुन ने शनिवार (23 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए डेब्यू पर शानदार गेंदबाजी की. लेकिन मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनके पिता सचिन तेंदुलकर के उस इमोशनल पोस्ट की हुई, जिसने फैन्स का दिल जीत लिया.
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने पूरे चार ओवर डाले और प्रभसिमरन सिंह का अहम विकेट झटका. उन्होंने अपनी तेज यॉर्कर पर प्रभसिमरन को एलबीडब्ल्यू आउट किया.अर्जुन का प्रदर्शन देखने के बाद सचिन तेंदुलकर खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने बेटे के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा.
सचिन तेंदुलकर ने X पर लिखा, 'शाबाश, अर्जुन. पूरे सीजन जिस तरह तुमने खुद को संभाला, उस पर मुझे गर्व है. अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखा, चुपचाप मेहनत की, धैर्य रखा और आखिरी मैच तक मौका मिलने का इंतजार करने के बावजूद सकारात्मक बने रहे. क्रिकेट सिर्फ स्किल ही नहीं, धैर्य की भी परीक्षा लेता है और तुमने दोनों को शानदार तरीके से संभाला. हमेशा जमीन से जुड़े रहो और खेल से प्यार करते रहो. हमेशा प्यार.'
सचिन तेंदुलकर बहुत कम मौकों पर अर्जुन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर को लेकर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देते हैं. इससे पहले उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए अर्जुन के IPL डेब्यू पर पोस्ट किया था. यही वजह रही कि यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. अर्जुन को पावरप्ले खत्म होते ही गेंद थमाई गई. उन्होंने शुरुआत से ही आत्मविश्वास दिखाया और प्रभसिमरन सिंह को लगातार बाउंसर से परेशान किया. एक मौके पर प्रभसिमरन ने एज भी दिया, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत कैच पकड़ नहीं सके.
हालांकि अर्जुन तेंदुलकर ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने शानदार वापसी करते हुए प्रभसिमरन सिंह को घातक यॉर्कर पर आउट किया. डेथ ओवरों में उन्होंने काबिल-ए-तारीफ गेंदबाजी की और आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन दिए. अर्जुन ने एलएसजी के लिए डेब्यू मुकाबले में 4 ओवर डाले और 36 रन देकर 1 विकेट लिया. वह लखनऊ के सबसे किफायती गेंदबाज भी रहे. भले ही टीम मैच हार गई हो, लेकिन अर्जुन ने अपने शांत स्वभाव, धैर्य और दमदार गेंदबाजी से फैन्स का दिल जरूर जीत लिया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क