जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया सुपर-8 में सिर्फ अपनी पहली जीत की तलाश में नहीं उतरेगी, बल्कि टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम करने के इरादे से मैदान पर कदम रखेगी. यानी सेमीफाइनल के समीकरण को साधने के लिए सूर्या ब्रिगेड तैयार है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का 8वां मुकाबला आज (26 फरवरी) भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा. यह मैच शाम 7 बजे से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होगा.
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और जिम्बाब्वे के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडिययम (चेपॉक) में होने वाला मुकाबला ‘करो या मरो’ का है. ऐसे में शाम की ओस बड़ा फैक्टर बन सकती थी, लेकिन इस बार उससे निपटने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने अमेरिका से ‘Dew Cure’ नामक एक खास केमिकल मंगाया है, जिसका इस्तेमाल आउटफील्ड पर नमी कम करने के लिए किया जाता है. यह केमिकल मेजर लीग बेसबॉल (MLB) के मैदानों पर भी व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है.
ग्राउंड स्टाफ ने मंगलवार और बुधवार दोपहर इस केमिकल को पानी में मिलाकर आउटफील्ड पर छिड़काव किया. गुरुवार दोपहर भी इसे स्प्रे करने की योजना है, ताकि मैच शुरू होने तक इसका पूरा असर दिखे.
'Dew Cure' घास की पत्तियों पर नमी टिकने नहीं देता. जैसे ही घास गीली होती है, नमी अवशोषित हो जाती है और पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं.'
बुधवार को टीम इंडिया ने देर तक प्रैक्टिस की और ओस की स्थिति का आकलन भी किया. बताया जा रहा है कि टीम प्रबंधन पिच और आउटफील्ड की स्थिति से संतुष्ट है और ओस को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं है.
संकेत हैं कि सेमीफाइनल और फाइनल में भी इस केमिकल का इस्तेमाल हो सकता है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अगले महीने जब आईपीएल शुरू होगा, तब बीसीसीआई सभी वेन्यू पर इसे अनिवार्य करने पर विचार कर रहा है, क्योंकि ओस कई मैचों के नतीजों को प्रभावित करती रही है.
टीम इंडिया की एक ही कमजोरी, ऐसे गिरे 19 में से 12 विकेट... अब क्या करेंगे सूर्या-गंभीर?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 2010 से 2024 तक खेले गए 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का दबदबा साफ दिखता है. भारत ने 10 मैच जीते और केवल 3 हारे, जिससे उसका जीत प्रतिशत 76.92 रहा. वहीं जिम्बाब्वे को सिर्फ 3 जीत मिलीं और 10 हार झेलनी पड़ीं, उसका जीत प्रतिशत 23.07 रहा. दोनों टीमों के बीच कोई मैच टाई या बेनतीजा नहीं रहा.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत और जिम्बाब्वे के बीच कुल 1 मुकाबला खेला गया है, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की. यह मैच मेलबर्न में 6 नवंबर 2022 को खेला गया था.
aajtak.in