OUT या नॉट आउट? हैदराबाद T20 में टीम इंडिया के साथ चीटिंग! नमन धीर की स्टम्पिंग पर 5 मिनट तक ड्रामा

भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद में चौथे टी20 में नमन धीर की स्टम्पिंग चर्चा का विषय बन गई. गुडाकेश मोती की गेंद पर शाई होप ने उन्हें स्टम्प किया. तीसरे अंपायर ने करीब पांच मिनट तक अलग-अलग एंगल से जांच की और धीर को आउट दिया. हालांकि, साइड एंगल के वीडियो को लेकर फैसले पर सवाल उठे.

Advertisement
क्या नमन धीर हैदराबाद टी20 में आउट थे (Photo: PTI) क्या नमन धीर हैदराबाद टी20 में आउट थे (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:59 PM IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद में चौथा टी20 इंटरनेशनल (T20I) हुआ. ज‍िसे वेस्टइंडीज ने 24 रनों से अपने नाम किया. नमन धीर की स्टम्पिंग पर विवाद खड़ा हो गया. भारतीय बल्लेबाज को तीसरे अंपायर ने करीब पांच मिनट तक अलग-अलग एंगल से रिप्ले देखने के बाद आउट दिया. हालांकि, साइड एंगल से दिख रहे वीड‍ियो को लेकर सवाल उठे कि क्या धीर का पैर क्रीज के अंदर था?

Advertisement

कैसे आउट हुए नमन धीर?
भारतीय टीम मैच में 248 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. पारी के 12वें ओवर की चौथी गेंद पर गुडाकेश मोती ने नमन धीर को अपनी फिरकी में फंसाया. गेंद हवा में धीमी आई और पिच से टर्न लेकर धीर को चकमा दे गई. भारतीय बल्लेबाज आगे निकल गए, तभी विकेटकीपर शाई होप ने तेजी से गिल्लियां बिखेर दीं.

पहली नजर में ऐसा लगा कि धीर ने अपना पिछला पैर वापस क्रीज में खींच लिया है. ऐसे में उनके सुरक्षित होने की उम्मीद जगी. अंपायर ने भी तुरंत फैसला नहीं सुनाया और तीसरे अंपायर से मदद मांगी.

पांच मिनट तक चला फैसला, फिर आउट दिए गए धीर
थर्ड अंपायर ने कई एंगल से रिप्ले देखे. साइड एंगल में धीर का पिछला पैर क्रीज के अंदर नजर आ रहा था, लेकिन सवाल यह था कि पैर जमीन पर था या हवा में. करीब पांच मिनट की जांच के बाद अंपायर इस नतीजे पर पहुंचे कि धीर का पिछला पैर पूरी तरह जमीन पर नहीं था और हवा में रहते हुए क्रीज से बाहर था. इसके बाद उन्हें आउट करार दिया गया.

Advertisement

फैसले से नमन धीर नाखुश दिखे. वह निराशा में सिर पीछे की ओर झटकते हुए मैदान से बाहर चले गए. हालांकि, उपलब्ध ड‍ि‍टेल के मुताबिक अंपायर ने सभी एंगल पर गौर करने के बाद फैसला दिया था.

धीर के लिए चौथा टी20 रहा निराशाजनक
नमन धीर के लिए यह मुकाबला बल्ले और गेंद, दोनों से निराशाजनक रहा. गेंदबाजी में उन्हें सिर्फ एक ओवर मिला, जिसमें उन्होंने 19 रन दिए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने इसके बाद उन्हें दूसरा ओवर नहीं दिया.

दिलचस्प बात यह है कि जारी टी20 सीरीज में धीर पांच विकेट लेकर भारत के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल थे. लेकिन चौथे मुकाबले में वह गेंद से प्रभाव नहीं छोड़ पाए और बल्लेबाजी में भी खाता खोले बिना आउट हो गए.

भारत को 24 रन से मिली हार
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 247/3 रन बनाए. शाई होप ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन की पारी खेली और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर सिमट गई और 24 रन से मुकाबला हार गई. नमन धीर की स्टम्पिंग ऐसे मौके पर हुई, जब भारत को लक्ष्य तक पहुंचने के लिए मध्यक्रम से अहम योगदान की जरूरत थी.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »