Ind Vs Nz, Kanpur Test: कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को तगड़ी चुनौती दी. कीवी टीम ने आखिरी क्षणों तक चले इस टेस्ट मैच को ड्रॉ करवाया और टेस्ट चैम्पियनशिप में अहम 4 अंक भी हासिल किए. मैच जब ड्रॉ हुआ उस वक्त एक खास पल ऐसा भी आया, जब मैदान पर कुल 15 भारतीय मौजूद थे. ये कैसे हुए समझिए...
न्यूजीलैंड के लिए मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने वाले दो भारतीय मूल के खिलाड़ी थे. रचिन रवींद्र और एजाज पटेल ने आखिरी 8 ओवरों में भारतीय टीम को विकेट से दूर रखा और कीवी टीम के लिए मुंबई में सीरीज जीत के मौके को भी जीवित रखा.
रचिन रवींद्र कानपुर में अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे थे, वहीं एजाज पटेल का यह 10वां टेस्ट था. दोनों खिलाड़ी भारतीय मूल के हैं. जब दोनों खिलाड़ी क्रीज पर मैच बचाने की कोशिश कर रहे थे तब इस समय मैदान पर सभी 15 मौजूद सदस्य भारतीय ही थे.
क्रीज पर रचिन रवींद्र और एजाज पटेल के अलावा भारतीय टीम के 11 खिलाड़ी और दोनों अंपायर भी भारतीय मूल के थे. कानपुर टेस्ट में नितिन मेनन और वीरेंद्र शर्मा अंपायर की भूमिका में थे.
वहीं, मैदान के बाहर जवागल श्रीनाथ मैच रेफरी, अनिल चौधरी टीवी अंपायर और केएन अनंतपद्मनाभन रिजर्व अंपायर की भूमिका में थे. रचिन और एजाज ने कीवी टीम के लिए मुंबई में एक बड़ा मौका दिया है.
मुंबई टेस्ट में दोनों टीमें सीरीज जीत के साथ-साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट टेबल में भी स्थिति सुधारने की कोशिश करेंगी. 3 दिसंबर से शुरू हो रहे टेस्ट मुकाबले में कप्तान विराट कोहली वापसी करेंगे.
aajtak.in