76 रन पर ढही टीम इंडिया, आज ब्र‍िस्टल में करो या मरो... श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर संकट!

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में टीम इंडिया के सामने सम्मान बचाने की चुनौती है. तीसरे मैच में सिर्फ 76 रन पर सिमटने के बाद भारत सीरीज नहीं जीत सकता, लेकिन बराबरी की उम्मीद जिंदा रखने के लिए ब्रिस्टल में जीत जरूरी है. लगातार हार के बीच कप्तान श्रेयस अय्यर, टीम कॉम्बिनेशन और बल्लेबाजी सबसे बड़े सवाल बने हुए हैं.

Advertisement
IND vs ENG 4th T20I: क्या ब्रिस्टल बनेगा भारत की वापसी का गवाह या खत्म होगा भरोसा? (Photo: AFP) IND vs ENG 4th T20I: क्या ब्रिस्टल बनेगा भारत की वापसी का गवाह या खत्म होगा भरोसा? (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ब्रिस्टल ,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:32 PM IST

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया की हालत उम्मीदों के बिल्कुल उलट रही है. तीसरे टी20 में महज 76 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारत अब सीरीज जीतने की दौड़ से बाहर हो चुका है. ऐसे में गुरुवार (9 जुलाई) को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में होने वाला चौथा मुकाबला टीम इंडिया के लिए सम्मान बचाने की लड़ाई बन गया है. भारतीय समयानुसार मैच रात 10 बजे शुरू होगा. मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार पर होगी, जबकि टीवी प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा.

Advertisement

श्रेयस अय्यर के लिए यह दौरा अब तक बेहद कठिन साबित हुआ है. शानदार घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन के दम पर उन्हें टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन कप्तान बनने के बाद पहले पांच मैचों में एक भी जीत नहीं मिली. भारत उनके नेतृत्व में चार मुकाबले हार चुका है. भारतीय टी20 इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी नए कप्तान ने शुरुआती पांच मैचों में जीत का स्वाद नहीं चखा.

श्रेयस के लिए नया नहीं है मुश्किल दौर
2024 की शुरुआत में बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर किए जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने जबरदस्त वापसी की थी. उन्होंने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताया. इसके बाद 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया. 2026 आईपीएल में भी उनकी टीम लगातार सात मैच जीत चुकी थी. इन्हीं सफलताओं के बाद उन्हें भारत की टी20 टीम की कप्तानी मिली, लेकिन इंटरनेशनल लेव पर शुरुआत बेहद खराब रही.

Advertisement

सूर्यकुमार और हार्दिक के रिकॉर्ड से काफी पीछे
श्रेयस का रिकॉर्ड इसलिए भी सवालों के घेरे में है क्योंकि उनसे पहले सूर्यकुमार यादव ने कप्तान रहते हुए कभी कोई टी20 सीरीज नहीं गंवाई थी. उन्होंने 52 मैचों में सिर्फ आठ हार झेली. वहीं हार्दिक पंड्या ने कप्तानी के दौरान 16 में से सिर्फ पांच मैच गंवाए थे. यहां तक कि शुभमन गिल ने भी भारत की कप्तानी करते हुए पांच में चार मैच जीते हैं.

टीम की लगातार हार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीसरे मैच के बाद हेड कोच गौतम गंभीर खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे, जबकि आमतौर पर वह पूरी सीरीज खत्म होने के बाद मीडिया से बात करते हैं.

आखिर क्यों पिछड़ गई टीम इंडिया?
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम ने माना था कि उसने विपक्षी टीम को हल्के में लिया. इंग्लैंड दौरे पर भी कम तैयारी और परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने में नाकामी साफ दिखाई दी.

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भारतीय बल्लेबाजों पर तंज कसते हुए कहा कि वे छोटी बाउंड्री और सपाट विकेटों के आदी हैं, इसलिए इंग्लैंड की परिस्थितियों में संघर्ष कर रहे हैं.

हालांकि भारत के लिए अच्छी बात यह है कि ब्रिस्टल पारंपरिक तौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मैदान माना जाता है, जहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं. ऐसे में 76 रन पर सिमटने जैसी स्थिति दोबारा बनने की संभावना कम मानी जा रही है.

Advertisement

लगातार बदलाव भी बन रहे बड़ी परेशानी
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले का मानना है कि टीम मैनेजमेंट लगातार प्लेइंग इलेवन बदलकर श्रेयस अय्यर की मुश्किलें बढ़ा रहा है.

उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध कृष्णा को पहले मैच के बाद बाहर कर दिया गया. उनकी जगह आए प्रिंस यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया, फिर भी अगले मैच में उन्हें बाहर बैठा दिया गया. नए कप्तान को स्थिर गेंदबाजी आक्रमण मिलना बेहद जरूरी होता है क्योंकि मैच गेंदबाज जिताते हैं.

सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने भी भारत की रणनीति पर सवाल उठाए. उनके मुताबिक ट्रेंट ब्रिज में भारतीय गेंदबाजों ने जरूरत से पहले स्लोअर गेंद और यॉर्कर का इस्तेमाल शुरू कर दिया, जबकि परिस्थितियां इसकी मांग नहीं कर रही थीं. उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज की कमी साफ महसूस हुई, जो हालात को तुरंत पढ़ लेते हैं.

क्या बदलेगी टीम इंडिया?
लगातार दो हार के बाद भारतीय टीम बदलाव कर सकती है. संजू सैमसन की वापसी की चर्चा जरूर है, लेकिन उन्हें तुरंत वापस लाने पर टीम प्रबंधन आलोचना का सामना कर सकता है. एक ऑप्शन यह भी है कि संजू को प्लेइंग 11 में लाया जाए और त‍िलक वर्मा को बाहर बैठाया जाए. 

वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन दे सकते हैं. 

Advertisement

हार हुई तो बढ़ेगा संकट
अगर भारत चौथा टी20 भी हार जाता है तो लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवानी पड़ेगी. इससे श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर सवाल और तेज हो जाएंगे. हालांकि इतनी जल्दी कप्तानी बदलना जल्दबाजी माना जाएगा.

साथ ही टीम मैनेजमेंट को उस रणनीति पर भी दोबारा विचार करना पड़ सकता है, जिसने भारत को लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जिताए थे. ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए बल्लेबाजी क्रम और टीम कॉम्बिनेशन में भी बदलाव संभव हैं.

वहीं अगर भारत जीत दर्ज करता है तो श्रेयस अय्यर को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी कप्तानी का जीत का इंतजार भी खत्म होगा.

ब्रिस्टल पिच रिपोर्ट
ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मैदान माना जाता है. पहले यहां 200 रन के आसपास का स्कोर सामान्य माना जाता था, लेकिन इस सीजन रन बनाने की रफ्तार थोड़ी घटी है. 170-180 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश की कोई आशंका नहीं है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »