भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज पर बड़ा अपडेट, खेलमंत्री अमीनुल हक ने 'स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी' का छेड़ा सुर

बांग्लादेश सरकार ने उम्मीद जताई है कि भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर 2026 में तय दौरे पर ढाका पहुंचेगी. खेल मंत्री अमीनुल हक ने कहा कि दोनों देशों के बीच पैदा हुई दूरी को 'स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी' से खत्म किया जा सकता है. बीसीबी ने सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा दिया है, हालांकि मीडिया राइट्स प्रक्रिया रोकने से सीरीज पर सवाल भी उठे हैं.

Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप विवाद के बाद बदले सुर, भारत के स्वागत को तैयार बांग्लादेश (Photo: ITG) टी20 वर्ल्ड कप विवाद के बाद बदले सुर, भारत के स्वागत को तैयार बांग्लादेश (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली/ढाका ,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:26 PM IST

भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर 2026 में प्रस्तावित सीमित ओवरों की क्रिकेट सीरीज को लेकर पॉज‍िट‍िव संकेत मिले हैं. बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार भारतीय टीम के सितंबर में बांग्लादेश दौरे का इंतजार कर रही है और उनका विश्वास है कि खेल दोनों देशों के रिश्तों में आई दूरी को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है.

Advertisement

दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि भारत अगस्त-सितंबर 2026 में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलने बांग्लादेश आएगा. यह दौरा पहले 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन दोनों देशों के बीच पैदा हुए तनाव के कारण उसे रद्द कर दिया गया था.

पिछले कुछ समय में भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तनाव देखने को मिला. इसी वजह से तत्कालीन यूनुस सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप से अपनी टीम को वापस बुला लिया था. इसके बाद भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर भी लगातार अनिश्चितता बनी रही.

हालांकि हाल के दिनों में हालात बदलते नजर आए. बीसीबी ने भारत सीरीज के लिए टीवी और मीडिया राइट्स की बिक्री की प्रक्रिया शुरू की, जिससे संकेत मिला कि दौरे की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं. इसके अलावा भारत के अगस्त में श्रीलंका दौरे के कार्यक्रम में टी20 मुकाबलों को शामिल नहीं किया गया, जिससे यह संभावना और मजबूत हुई कि भारतीय टीम उसके बाद सीधे बांग्लादेश का दौरा कर सकती है.
यह भी पढ़ें: AUS vs BAN: बांग्लादेश की अब खैर नहीं! ऑस्ट्रेलिया ने किया खतरनाक टीम का ऐलान, दिग्गजों की वापसी

Advertisement

बीसीबी ने यह भी साफ किया कि यदि भारतीय टीम की ओर से जरूरत महसूस की गई तो सीरीज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा. हालांकि इसके बाद फिर संशय पैदा हुआ, जब बीसीबी ने मीडिया राइट्स के लिए टेंडर जारी करने के बावजूद पूरी बिक्री प्रक्रिया फिलहाल रोक दी. इससे सीरीज को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे.

इसी बीच ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा- मौजूदा सरकार स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी को सबसे अधिक महत्व दे रही है. क्रिकेट हमारे लिए प्रतिष्ठा का विषय है और वर्ल्ड  क्रिकेट में हमारी मजबूत पहचान है. हमने भारतीय दूतावास से बातचीत की है. उनकी तरफ से भी पॉजिट‍िव फीडबैक मिला है, सभी सितंबर में भारत के बांग्लादेश आने का इंतजार कर रहे हैं.

क्रिकबज से बात करते हुए उन्होंने कहा- मुझे उम्मीद है कि भारत के आने के बाद अतीत की छोटी घटनाओं से पैदा हुआ तनाव खत्म होगा और खेलों के जरिए दोनों पड़ोसी देशों के बीच संवाद, आवाजाही और संबंध पहले की तरह मजबूत होंगे.

इससे पहले बांग्लादेश के खेल मंत्रालय ने टी20 वर्ल्ड कप से टीम के हटने के फैसले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी. साथ ही यह पता लगाने के लिए भी अलग समिति गठित की गई थी कि टूर्नामेंट से हटना कहीं कूटनीतिक विफलता तो नहीं था.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »