IND vs ENG: टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, वनडे सीरीज से बाहर हुआ ये स्टार गेंदबाज

इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया पहले ही खिलाड़ियों की फिटनेस समस्याओं से जूझ रही है. स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टी20 सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से बाहर हो गए थे. अब स्टार गेंदबाज का वनडे सीरीज से बाहर होना भारतीय टीम की बॉलिंग योजनाओं के लिए एक और बड़ा झटका है.

Advertisement
हर्षित राणा एक बार फिर चोटिल हो गए. (Photo: Reuters) हर्षित राणा एक बार फिर चोटिल हो गए. (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 11 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:06 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम को 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी खेलनी है. वनडे सीरीज के लिए शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे धुरंधर इंग्लैंड पहुंच चुके हैं. भारतीय खिलाड़ियों ने 11 जुलाई (शनिवार) को बर्मिंघम में प्रैक्टिस सेशन में भी भाग लिया.

इसी बीच वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. चार महीने तक मैदान से दूर रहने के बाद वापसी करने वाले हर्षित सिर्फ पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेल सके और एक बार फिर चोट ने उन्हें क्रिकेट से दूर कर दिया.

Advertisement

हर्षित का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है. 24 साल के तेज गेंदबाज की बाइसेप्स फेमोरिस मांसपेशी में ग्रेड-1 टियर है. सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि हर्षित अब बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) जाएंगे, जहां बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी चोट का आकलन करेगी. इसके बाद उनके लिए रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम तैयार किया जाएगा. उनकी मैदान पर वापसी की समयसीमा मेडिकल जांच और रिकवरी की प्रगति के आधार पर तय होगी.

टी20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए थे
हर्षित राणा के लिए साल 2026 अब तक चोटों से भरा रहा है. टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले उनके घुटने में चोट लगी थी. इसके चलते वह इस बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके थे. हर्षित को जसप्रीत बुमराह के प्रमुख तेज गेंदबाजी जोड़ीदार के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन चोट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. शुरुआत में माना गया था कि हर्षित जल्द फिट हो जाएंगे, लेकिन घुटने की चोट उम्मीद से ज्यादा गंभीर निकली. उन्हें लगभग चार महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा और वह आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में भी हिस्सा नहीं ले सके.

Advertisement

लंबे रिहैब के बाद हर्षित ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की. इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी खेले. हालांकि उनकी वापसी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी. हर्षित ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल पांच टी20I मुकाबले खेले और सिर्फ 14 ओवर गेंदबाजी करने के बाद एक बार फिर चोटिल हो गए.

हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण हर्षित इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और पांचवें टी20I मुकाबले में नहीं खेल सके. अब उनकी चोट की गंभीरता सामने आने के बाद उन्हें आगामी वनडे सीरीज से भी बाहर कर दिया गया है. हर्षित की चोट ऐसे समय पर सामने आई है, जब वह भारतीय टीम में अपनी जगह दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे. उन्हें दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अगले दो वर्ल्ड कप के लिए भारत की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा माना जा रहा है. हालांकि लगातार चोटें उनके करियर की रफ्तार में बड़ी बाधा बन रही हैं.

वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार.

Advertisement

भारत vs इंग्लैंड (ODI सीरीज का शेड्यूल)
• 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम
• 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ
• 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »