गॉल में गरजा कप्तान ध्रुव जुरेल का बल्ला, नाबाद शतक जड़कर श्रीलंकाई टीम को बैकफुट पर धकेला

इंडिया-ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने श्रीलंका-ए के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 141 रन बनाए. ध्रुव जुरेल से पहले इंडिया-ए के लिए साई सुदर्शन ने भी शतकीय पारी खेली थी. जुरेल-सुदर्शन के शतकों के दम पर इंडिया-ए ने इस मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.

Advertisement
ध्रुव जुरेल ने इंडिया-ए के लिए जड़ा शतक... (Photo: SLC) ध्रुव जुरेल ने इंडिया-ए के लिए जड़ा शतक... (Photo: SLC)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • गॉल,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:33 PM IST

गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन (26 जून) इंडिया-ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. जुरेल ने 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 215 गेंदों पर नाबाद 141 रन बनाए. जुरेल के फर्स्ट क्लास करियर की ये छठी सेंचुरी रही. जुरेल ने 35 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14 अर्धशतक भी लगाए हैं.

Advertisement

ध्रुव जुरेल को अपनी इनिंग्स के दौरान शेख रशीद का बखूबी साथ मिला. शेख रशीद और ध्रुव जुरेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी हुई. शेख रशीद ने 113 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. फिर जुरेल ने हर्ष दुबे के साथ भी शानदार साझेदारी बनाई.

ध्रुव जुरेल और हर्ष दुबे ने छठे विकेट के लिए 86 रन जोड़े. हर्ष दुबे ने 2 चौके और एक सिक्स की मदद से 51 बॉल पर 30 रनों का योगदान दिया. इससे पहले शुरुआती दिन के खेल में साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया था. सुदर्शन ने 19 चौके की सहायता से 175 गेंदों पर 132 रन बनाए थे. साई सुदर्शन के फर्स्ट क्लास करियर की ये 9वीं सेंचुरी थी.

इंडिया-ए ने बनाया विशाल स्कोर
साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल के दमदार शतकों की बदौलत इंडिया-ए ने अपनी पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित कर दी. श्रीलंका-ए की ओर से तेज गेंदबाज चमिका गुणसेकरा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. वहीं दिलुम सुदीरा को दो सफलताएं हासिल हुईं. रविंदु फर्नांडो ने भी एक विकेट झटका.

Advertisement

मुकाबले में श्रीलंका-ए की प्लेइंग XI: पवन्था वीरसिंघे, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानीदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, अंजला बंडारा, कविंदु पथिरत्ने, दुलाज समुदिथा, चमिका गुणसेकरा, दिलुम सुदीरा.

मुकाबले में इंडिया-ए की प्लेइंग XI: साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर/कप्तान), शेख रशीद, हर्ष दुबे, सारांश जैन, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और आकिब नबी डार

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »