भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी करने उतरेंगे. भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर (गुरुवार) को क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. भुवनेश्वर कुमार को भी प्लेइंग-11 में जगह मिली है.
1430 दिन बाद गेंदबाजी करेंगे भुवी
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में वापसी का मौका नहीं मिला. 17 अक्टूबर 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में वह 1425 दिन बाद भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने थे. भुवनेश्वर कुमार को मयंक यादव की जगह शामिल किया गया था. और अब 1430 दिन के बाद टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी करने उतरेंगे.
बारिश ने बिगाड़ा था मैच का रोमांच
हालांकि, भुवनेश्वर कुमार की वापसी के बावजूद फैन्स उन्हें गेंदबाजी करते हुए नहीं देख सके. बेंगलुरु में बारिश के कारण पांचवें टी20 मुकाबले को घटाकर नौ-नौ ओवर का कर दिया गया. इसके बाद भी मैच में केवल 7.4 ओवर का खेल हो सका और मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द हो गया. इस तरह भुवनेश्वर की वापसी तो हुई, लेकिन उन्हें मैदान पर गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला.
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
भुवनेश्वर कुमार की वापसी के पीछे आईपीएल में उनका दमदार प्रदर्शन भी एक बड़ी वजह रहा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए उन्होंने पिछले दो आईपीएल सीजन में कुल 45 विकेट हासिल किए. 2026 के सीजन में उन्होंने 28 विकेट झटके थे.
भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क