भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार बढ़ सकता है. आयरलैंड के बेलफास्ट में भड़की हिंसा ने भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज पर संकट के बादल ला दिए हैं. हालात को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूरे मामले पर नजर रखनी शुरू कर दी है. अगर स्थिति सामान्य नहीं होती है तो मुकाबलों को किसी दूसरे वेन्यू पर शिफ्ट करने का विकल्प भी खुला रखा गया है.
भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 मैचों की सीरीज 26 और 28 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में प्रस्तावित है. यही सीरीज वैभव सूर्यवंशी के लिए ऐतिहासिक हो सकती है. अगर उन्हें मौका मिलता है, तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे.
बेलफास्ट में हिंसा के बाद बढ़ी चिंता
बेलफास्ट में चाकूबाजी की घटना के बाद हालात बिगड़ गए. स्थानीय लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े, कई घरों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया. शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुईं. इस घटनाक्रम के बाद क्रिकेट आयरलैंड ने स्थिति पर नजर रखने की बात कही है.
क्रिकेट आयरलैंड ने बयान जारी कर कहा, 'हम उन इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं, जहां सामुदायिक अशांति की स्थिति बनी हुई है. खिलाड़ियों, कोचों, मैच अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है.'
बोर्ड ने यह भी बताया कि वह संबंधित अधिकारियों और प्रांतीय यूनियनों के संपर्क में है. इससे पहले लिस्बर्न में होने वाला इंटर-प्रोविंशियल टी20 फेस्टिवल भी रद्द किया जा चुका है.
BCCI की नजर, जरूरत पड़ी तो बदलेगा वेन्यू
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI भी बेलफास्ट के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है. बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि अगर आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मुकाबलों को दूसरे स्थान पर कराने पर विचार किया जा सकता है.
भारत के लिए यह दौरा सिर्फ एक द्विपक्षीय सीरीज नहीं है, बल्कि एक नए दौर की शुरुआत भी है. इस सीरीज से श्रेस अय्यर पहली बार टी20 टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे.
वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास
राजस्थान रॉयल्स के लिए IPL 2026 में तूफानी प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने सीजन में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा.
अगर बेलफास्ट में सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक होता है और वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे.
सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव का डेब्यू भारतीय क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा युवा अध्याय बन सकता है, लेकिन फिलहाल बेलफास्ट के हालात इस ऐतिहासिक पल के रास्ते में सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़े हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क