भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से पहले मेहमान टीम वेस्टइंडीज की टेंशन बढ़ गई है. युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू को मुल्लांपुर में खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले के दौरान उंगली में चोट लग गई थी और वो अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं.
भारत की पारी के 36वें ओवर में गुडाकेश मोती की गेंद पर नमन धीर ने कवर की दिशा में शॉट खेला. वहां फील्डिंग कर रहे ज्वेल एंड्रयू ने शानदार कैच पकड़ लिया, लेकिन कैच पूरा करने के दौरान गेंद उनकी उंगली पर जा लगी. इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. एंड्रयू को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे और स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई. इसके बावजूद वह तुरंत मैदान पर नहीं लौट सके और वेस्टइंडीज की रिकॉर्ड रन चेज के दौरान बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे. फिलहाल मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर बनाए हुए है.
शानदार फॉर्म में चल रहे जंगू
अब ज्वेल एंड्रयू के कवर के तौर पर मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज आमिर जंगू को टी20 टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, एंड्रयू को अभी सीरीज से पूरी तरह बाहर नहीं किया गया है. वेस्टइंडीज की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और उनके खेलने की संभावना अभी बनी हुई है. बाएं हाथ के बल्लेबाज जंगू इस समय शानदार फॉर्म में हैं.
भारत के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज आमिर जंगू लिए बेहद यादगार रही. 29 साल के जंगू ने सीरीज के पहले मुकाबले में नाबाद 58 रन बनाए. इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने 114 रनों की शानदार पारी खेली. तीसरे मैच में भी उनका बल्ला चला और उन्होंने 67 रनों का योगदान दिया. इस तरह जंगू ने तीन पारियों में कुल 239 रन बनाए. इस प्रदर्शन के साथ वह भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनसे आगे भारतीय कप्तान शुभमन गिल और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप रहे.
आमिर जंगू ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह अब तक सात टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं और उनके नाम पर 163 रन दर्ज हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 120.74 रहा है. वह बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग का विकल्प भी देते हैं, जिससे वेस्टइंडीज के पास टीम कॉम्बिनेशन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प रहेगा.
वेस्टइंडीज का अपडेटेड टी20 स्क्वॉड: शाई होप (कप्तान), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अकील हुसैन, आमिर जंगू, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर.
भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20: 6 अक्टूबर, लखनऊ
दूसरा टी20: 9 अक्टूबर, रांची
तीसरा टी20: 11 अक्टूबर, इंदौर
चौथा टी20: 14 अक्टूबर, हैदराबाद
पांचवां टी20: 17 अक्टूबर, बेंगलुरु
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क