Advertisement

आईपीएल 2026

28.40 करोड़ का पैकेज फेल, 75 लाख के सरफराज खान IPL में धूम मचा रहे!

aajtak.in
  • 06 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:27 PM IST
  • 1/8

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि रणनीति और निवेश के फैसलों को लेकर भी सीएसके सवालों के घेरे में आ गई है. सीएसके के महंगे खिलाड़ियों कार्तिक शर्मा उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं, जबकि कम कीमत में खरीदे गए सरफराज खान काफी इम्पैक्ट डाल रहे हैं.
(Photo: Associated Press)

  • 2/8

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर पर कुल 28.40 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जिससे टीम को बड़े मैच-विनिंग प्रदर्शन की उम्मीद थी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 5 अप्रैल को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इस जोड़ी का टोटल इम्पैक्ट महज 48.17 रहा, जबकि सरफराज खान का इम्पैक्ट 56.87 रहा. यानी 75 लाख रुपये में खरीदे गए सरफराज ने करोड़ों के निवेश पर भारी पड़ते हुए ज्यादा असर दिखाया.
(Photo: PTI)
 

  • 3/8

अगर इस खर्च को 14 मैचों के लीग चरण में बांटें, तो कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर की जोड़ी चेन्नई सुपर किंग्स को हर मैच में करीब ₹2.03 करोड़ की पड़ती है. लेकिन आरसीबी के खिलाफ मैच में उनका आउटपुट करीब 4.54 लाख रुपये के बराबर रहा. यानी सिर्फ एक मैच में ही काफी 'वैल्यू गैप' सामने आई.
(Photo: PTI)

Advertisement
  • 4/8

इस स्थिति को और चिंताजनक बनाता है प्रदर्शन का असंतुलन. जहां प्रशांत वीर ने बल्ले से कुछ योगदान (6* और 43) दिया, वहीं कार्तिक शर्मा (18, 1 और 6) का प्रदर्शन पूरी तरह फीका रहा. ऐसे में टीम का भारी निवेश मैच में कोई ठोस असर नहीं डाल सका.
(Photo: Associated Press)

  • 5/8

सरफराज खान ने आरसीबी के खिलाफ 25 गेंदों पर 50 रनों की तेज पारी खेलकर ना सिर्फ टीम को संभाला, बल्कि अपनी कीमत के हिसाब से कहीं ज्यादा वैल्यू भी दी. अगर उनकी आईपीएल सैलरी को प्रति मैच के हिसाब से देखें, तो यह करीब 5.36 लाख रुपये बैठता है, जो सीएसके के महंगे खिलाड़ियों की तुलना में बेहद कम है. लेकिन प्रदर्शन के मामले में सरफराज उनसे काफी आगे नजर आ रहे हैं.
(Photo: BCCI)

  • 6/8

यह अंतर सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं है. पूरे टूर्नामेंट में अब तक कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर का संयुक्त इम्पैक्ट 78.77 रहा है. जबकि सरफराज खान अकेले 147.92 के आंकड़े तक पहुंच चुके हैं. यानी एक सस्ता खिलाड़ी, महंगे पैकेज से लगभग दोगुना असर डाल चुका है.
(Photo: PTI)

Advertisement
  • 7/8

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सिर्फ एक खराब मैच का मामला नहीं, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन और निवेश रणनीति की बड़ी समस्या बनती जा रही है. जिस रकम से टीमें अपना कोर तैयार करती हैं, उसी निवेश से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन ना मिलना किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए खतरे की घंटी हो सकता है.
(Photo: Associated Press)

  • 8/8

फिलहाल सीएसके के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या उनकी महंगी खरीदें टीम को जीत दिलाने में सक्षम हैं या फिर सस्ते खिलाड़ी ही असली मैच-विनर साबित हो रहे हैं. आने वाले मैचों में इसका जवाब पूरी तरह मिल सकता है.
(Photo: PTI)

Advertisement

लेटेस्ट फोटो

Advertisement