भारत ने एशियन गेम्स के ग्रुप चरण के अपने तीसरे मुकाबले में चार बार की चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी. भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इस जीत के साथ अपने अभियान में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप में अपना दबदबा कायम रखा. भारत की ओर से अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल दागे.
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल करके टीम का खाता खोला. इसके बाद भारतीय हमलों की रफ्तार और बढ़ गई. सुखजीत सिंह ने नौवें मिनट में गोल किया, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को शुरुआती 11 मिनट में ही 3-0 की बढ़त दिला दी.
दक्षिण कोरिया को संभलने का मौका नहीं मिला. 14वें मिनट में अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल दाग दिया. भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में ही मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली थी.
दिलप्रीत और अभिषेक का हमला
दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक हॉकी जारी रखी. दिलप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में गोल करके भारत की बढ़त 5-0 कर दी. इसके बाद 32वें मिनट में दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल दागा. अभिषेक ने 38वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके भारतीय टीम को 7-0 की मजबूत बढ़त दिला दी.
सात गोल से पिछड़ने के बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की.किम जाएहो ने 42वें मिनट में गोल करके कोरिया का खाता खोला. इसके बाद किम योंगबोक ने 52वें मिनट में दूसरा गोल दागा. हालांकि तब तक मुकाबला भारत के नियंत्रण में था.
मैच के आखिरी मिनट में राजिंदर सिंह ने गोल करके भारत की जीत का अंतर 8-2 कर दिया.
इंडोनेशिया और श्रीलंका के बाद कोरिया की बारी
भारत ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में की थी. भारतीय टीम ने उस मुकाबले में 13-1 से जीत दर्ज की. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ भारत ने 16-1 की एकतरफा जीत हासिल की.
अब दक्षिण कोरिया के खिलाफ 8-2 की जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. भारतीय टीम का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क