Shani Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को कर्मफल दाता माना जाता है. मान्यता है कि शनि व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल देते हैं. ऐसे में शनि की चाल में होने वाला बदलाव सभी 12 राशियों के जीवन पर प्रभाव डाल सकता है. साल 2026 के अंत में शनि वक्री अवस्था से निकलकर मार्गी होने जा रहे हैं. शनि की इस सीधी चाल को कुछ राशि के जातकों के लिए खास माना जा रहा है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस दौरान तीन राशियों को करियर, धन और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं. आइए जानते हैं शनि का मार्गी गोचर कब होगा और किन राशियों के लिए यह समय शुभ रहने वाला है.
कब मार्गी होंगे शनि देव?
पंचांग के अनुसार, शनि देव 11 दिसंबर 2026 को मार्गी होंगे. इसके बाद 9 अगस्त 2027 तक सीधी चाल में रहेंगे. इस तरह शनि करीब 241 दिनों तक मार्गी अवस्था में गोचर करेंगे.
दरअसल, शनि करीब 138 दिनों तक वक्री रहने के बाद अपनी चाल बदलेंगे. ज्योतिष में शनि की वक्री अवस्था को कामकाज में देरी, जिम्मेदारियों और पुराने मामलों की समीक्षा से जोड़कर देखा जाता है. वहीं, शनि के मार्गी होने पर रुके हुए कामों में गति आने और मेहनत का फल मिलने की मान्यता है.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए शनि की सीधी चाल अनुकूल मानी जा रही है. इस दौरान करियर और आर्थिक मामलों में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. नौकरी करने वाले लोगों को नई जिम्मेदारी या तरक्की का अवसर मिल सकता है. वहीं, कारोबार से जुड़े लोगों को कोई बड़ी डील मिलने की संभावना है. आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है और अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं. दोस्तों और करीबियों के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा.
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए शनि का मार्गी होना सकारात्मक बदलाव लेकर आ सकता है. इस दौरान घर-परिवार से जुड़ी परेशानियां कम हो सकती हैं. माता की सेहत में सुधार देखने को मिल सकता है. कला, रचनात्मकता और मीडिया से जुड़े लोगों के लिए समय अनुकूल रह सकता है. कामकाज में नई संभावनाएं बनेंगी. साथ ही, खर्चों पर नियंत्रण रखने में सफलता मिल सकती है, जिससे आर्थिक स्थिति बेहतर होगी.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए शनि की सीधी चाल भाग्य का साथ दिलाने वाली मानी जा रही है. लंबे समय से अटके काम पूरे हो सकते हैं. विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद है. इस दौरान कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है. आर्थिक मामलों में भी स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं. निवेश और धन से जुड़े फैसलों में समझदारी से आगे बढ़ना फायदेमंद रह सकता है.
शनि के मार्गी होने पर कौन से उपाय करें?
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, शनि देव को प्रसन्न करने के लिए शनिवार का दिन खास माना जाता है. शनि के मार्गी होने के दौरान कुछ उपाय किए जा सकते हैं.
- शनिवार के दिन शनि चालीसा का पाठ करें.
- भगवान शिव की पूजा करें और शिवलिंग पर जल अर्पित करें.
- हनुमान जी की आराधना करें.
- जरूरतमंदों और गरीबों की मदद करें.
- अपने काम और जिम्मेदारियों के प्रति ईमानदार रहें.
aajtak.in