आज दिवाली है. हर साल कार्तिक अमावस्या के दिन धूमधाम से दिवाली का त्योहार मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन संध्याकाल में मां लक्ष्मी और गणपति पूजन धन, वैभव और सुख-समृद्धि का वरदान मिलता है. इस बार यह पर्व एक बड़ा ही शुभ संयोग में आ रहा है. हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार दिवाली पर बुधादित्य और शुक्रादित्य योग के साथ सर्वार्थसिद्धि योग भी है. इस बीच ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडेय ने इस दिवाली से लेकर अगली दिवाली तक सभी राशियों का हाल बताया है. आइए जानते हैं.
मेष राशि
करियर में परिवर्तन के साथ बड़ी सफलता मिलने के योग बन रहे हैं. नौकरी या कामकाज में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. आर्थिक स्थिति की बात करें तो आमदनी के स्रोत बनेंगे, लेकिन धन का सही प्रबंधन करना जरूरी होगा. इस साल स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों के कारण खर्च बढ़ सकता है. ऐसे में बचत पर ध्यान देना फायदेमंद रहेगा. उपाय के तौर पर पूरे साल शनि देव की उपासना करना शुभ रहेगा.
वृषभ राशि
जगह बदलने के बाद परिस्थितियों में सुधार आने की संभावना है. आर्थिक स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होगी और संपत्ति से लाभ मिलने के योग भी बन रहे हैं. हालांकि, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मामलों में खर्च बढ़ सकता है. इसलिए पहले से आर्थिक योजना बनाकर चलना बेहतर रहेगा. बिना जरूरत कर्ज लेने से बचें. भगवान शिव की उपासना आपके लिए लाभकारी रहेगी.
मिथुन राशि
धन की स्थिति लगातार बेहतर होने के संकेत हैं. रोजगार के नए और अच्छे अवसर मिल सकते हैं. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को भी उम्मीद के मुताबिक मौके मिल सकते हैं. इस साल नई संपत्ति खरीदने की संभावना भी बन रही है. हालांकि, अनावश्यक खर्च और दूसरों को कर्ज देने से बचना होगा. आर्थिक फैसले सोच-समझकर लें. पूरे साल सूर्य देव की उपासना करना शुभ रहेगा.
कर्क राशि
करियर में धीरे-धीरे सुधार होगा और आर्थिक स्थिति भी बेहतर हो सकती है. इस साल संपत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं. हालांकि, निवेश के कुछ क्षेत्रों में जोखिम उठाने से बचना होगा. खासतौर पर शेयर बाजार, लॉटरी और सट्टेबाजी जैसे मामलों से दूरी बनाए रखना आपके लिए बेहतर रहेगा. नियमित रूप से भगवान शिव की उपासना करने से मानसिक शांति और सकारात्मकता मिल सकती है.
सिंह राशि
परिवार और संतान से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करने में सफलता मिलेगी. इस साल संपत्ति खरीदने या किसी दूसरी जगह स्थान परिवर्तन करने की संभावना बन रही है. हालांकि, आमदनी के साथ खर्चों पर भी नियंत्रण रखना जरूरी होगा. फिजूलखर्ची आपकी बचत को प्रभावित कर सकती है. इसलिए बजट बनाकर चलें. पूरे साल बृहस्पति देव के मंत्रों का जाप करना आपके लिए शुभ फलदायी रहेगा.
कन्या राशि
नौकरी और कारोबार में परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहेंगी. संपत्ति और शिक्षा से जुड़े मामलों में काफी धन खर्च होने के योग हैं. इसके चलते आर्थिक दबाव महसूस हो सकता है. इस साल स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना भी ठीक नहीं रहेगा. अपनी सेहत और आर्थिक बचत दोनों पर ध्यान दें. शनि देव के मंत्रों का नियमित जाप करना आपके लिए लाभकारी रहेगा.
तुला राशि
आर्थिक स्थिति में स्थिरता बनी रह सकती है और कारोबार से जुड़े मामलों में भी संतुलन देखने को मिलेगा. अगर आप लंबे समय से कर्ज की समस्या से परेशान हैं तो इस साल धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं. हालांकि, शुभ और मांगलिक कार्यों में धन खर्च बढ़ सकता है. ऐसे में बचत और खर्च के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा. पूरे साल सूर्य देव की उपासना करना आपके लिए शुभ रहेगा.
वृश्चिक राशि
नए कार्यों में लाभ मिलने की संभावनाएं बनेंगी. कर्ज और पैसों से जुड़ी पुरानी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है. कहीं आपका धन लंबे समय से फंसा हुआ है तो उसकी वापसी की उम्मीद भी बन सकती है. हालांकि, कोई नया काम शुरू करते समय जल्दबाजी न करें. जरूरी कागजी कार्रवाई और आर्थिक पहलुओं की जांच जरूर करें. बृहस्पति देव के मंत्रों का नियमित जाप करना लाभकारी रहेगा.
धनु राशि
धन और संपत्ति से जुड़े मामलों में अच्छे परिणाम मिलने के योग हैं. इस साल स्थान परिवर्तन के साथ संपत्ति का लाभ भी मिल सकता है. नया वाहन खरीदने की संभावना भी बन रही है. करियर और आर्थिक मामलों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, किसी भी बड़े आर्थिक फैसले से पहले अच्छी तरह विचार करना जरूरी होगा. नियमित रूप से सूर्य देव की उपासना करें.
मकर राशि
धन और करियर से जुड़े मामलों में कुछ उतार-चढ़ाव रह सकते हैं. हालांकि, धीरे-धीरे परिस्थितियां बेहतर होने के संकेत हैं. शिक्षा और संपत्ति से जुड़े कामों में धन खर्च हो सकता है. इस साल किसी को पैसा उधार देने, लेने और निवेश करने के मामलों में विशेष सावधानी बरतें. बिना पूरी जानकारी के आर्थिक जोखिम न उठाएं. बचत को प्राथमिकता देना आपके लिए फायदेमंद रहेगा. पूरे साल शनि देव के मंत्रों का जाप करना शुभ रहेगा.
कुंभ राशि
लंबे समय से चली आ रही परेशानियां धीरे-धीरे दूर हो सकती हैं. साल की शुरुआत में ही संपत्ति से लाभ मिलने के योग बन रहे हैं. इस साल नया वाहन खरीदने की संभावना भी बन सकती है. आर्थिक स्थिति में सुधार होने से आपकी कई योजनाएं पूरी हो सकती हैं. हालांकि, भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बचत पर ध्यान देना जरूरी रहेगा. नियमित रूप से बृहस्पति देव के मंत्रों का जाप करें.
मीन राशि
कर्ज और बढ़ते खर्चों का दबाव परेशान कर सकता है. हालांकि, परिवार के सदस्यों का सहयोग मिलने से परिस्थितियों को संभालने में मदद मिलेगी. इस साल स्वास्थ्य और संतान से जुड़े मामलों में अधिक धन खर्च होने की संभावना है. इसलिए आर्थिक योजना बनाकर चलना और जरूरत के लिए बचत रखना जरूरी होगा. शनि देव की उपासना करना आपके लिए लाभकारी रहेगा.
शैलेंद्र पांडेय