दीपावली की रात मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है. इस दिन लोग सुख-समृद्धि, धनधान्य में वृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए कई विशेष उपाय करते हैं. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, हल्दी की गांठ, कौड़ी, चांदी के सिक्के और गोमती चक्र से जुड़े कुछ उपाय दीपावली की रात जीवन में बड़ा चमत्कार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इन उपायों को करने का आसान तरीका.
1. हल्दी की गांठ
दीपावली की रात भगवान गणेश को हल्दी की दो गांठें अर्पित करें. अगले दिन सुबह इन गांठों को पूजा स्थल से उठाकर अपने धन रखने की जगह पर रख दें. मान्यता है कि ऐसा करने से धन की बचत करने में मदद मिलती है और आर्थिक स्थिरता बनी रहती है.
2. कौड़ियां
दीपावली की रात मां लक्ष्मी के सामने जलाए गए दीपक में दो कौड़ियां डाल दें. अगले दिन सुबह इन कौड़ियों को निकालकर लाल कपड़े में बांध लें. अब इस पोटली को अपने धन रखने के स्थान पर रख दें. धार्मिक मान्यता है कि इससे धन की स्थिरता बनी रहती है.
3. चांदी का सिक्का
दीपावली की पूजा के दौरान एक चांदी का सिक्का गंगाजल से भरे पात्र में डालकर पूजा स्थल पर रखें. अगले दिन सुबह इस जल के छींटे पूरे घर में दें. इसके बाद चांदी के सिक्के को निकालकर अपने पर्स में रख लें. मान्यता है कि इस उपाय से घर में सुख-समृद्धि और संपन्नता बनी रहती है.
4. गोमती चक्र
दीपावली की रात पांच गोमती चक्र लें. इन सभी पर चारों ओर सिंदूर लगाएं और एक-एक करके भगवान हनुमान को अर्पित करें. अगले दिन सुबह इन गोमती चक्रों को लाल कपड़े में बांधकर पोटली बना लें. इसे घर के किसी सुरक्षित कोने में रख दें. मान्यता है कि इस उपाय से सालभर अच्छी सेहत की कामना की जाती है.
5. सात अनाज
दीपावली की मध्यरात्रि में एक छोटी हांडी लें. इसमें सात तरह के अनाज थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालें. अब इसमें एक चुटकी सिंदूर और एक सिक्का रखें. हांडी के मुंह को लाल कपड़े से ढककर बांध दें. इसके बाद इसे रात में ही रसोई में सुरक्षित स्थान पर रख दें. मान्यता है कि इस उपाय से करियर में तरक्की और आर्थिक उन्नति की कामना पूरी होती है.
6. दिव्य काजल
दीपावली की रात सरसों के तेल का एक बड़ा दीपक जलाएं. इसके पास दूसरा दीपक इस तरह रखें कि उसकी लौ से कालिख जम सके. इसे रातभर जलने दें. सुबह दूसरे दीपक में जमा कालिख को सावधानी से इकट्ठा कर लें. इसे सुरक्षित रख सकते हैं. मान्यता है कि इस काजल को कान के पीछे लगाने से नकारात्मक ऊर्जा से बचाव होता है.
7. मां काली का पूजा
दीपावली की मध्यरात्रि में मां काली के सामने सरसों के तेल का दीपक जलाएं. इसके बाद माता को लोहे का छल्ला या काला धागा अर्पित करें. अब 'ॐ क्रीं कालिकायै नमः' मंत्र का श्रद्धापूर्वक अधिक से अधिक जाप करें. जाप पूरा होने के बाद काला धागा या छल्ला धारण कर लें. धार्मिक मान्यता है कि इससे जीवन की बाधाओं और नकारात्मक प्रभावों से रक्षा होती है.
लक्ष्मी के मंत्रों का जाप
दीपावली की रात मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए मंत्र जाप का विशेष महत्व बताया गया है. इस दिन मध्यरात्रि में लाल आसन पर बैठकर नीचे दिए गए मंत्र की कम से कम 11 माला जाप करें.
मां लक्ष्मी का मंत्र
"ॐ ह्रीं श्रीं क्लीं महालक्ष्मी मम गृहे आगच्छ आगच्छ ह्रीं नमः"
दिवाली की रात मां लक्ष्मी के इस मंत्र का जाप करें. मंत्र जाप पूरा होने के बाद इसी मंत्र को पीले कागज पर लाल स्याही से लिख लें. इस कागज को अपने धन रखने के स्थान या पर्स में सुरक्षित रख दें. मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और घर में धन-समृद्धि आती है.
aajtak.in