Diwali 2026: दिवाली पर मां लक्ष्मी को किन चीजों का भोग लगाएं? ज्योतिषविद ने बताई ये 6 चीजें

आज देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. मान्यता है कि दिवाली पर मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा से सुख-समृद्धि बढ़ती है. इस दिन मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए कुछ खास चीजों का भोग लगाना बहुत शुभ माना जाता है.

Advertisement
जानें, दिवाली पर किन चीजों का भोग लगाने से प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी. (Photo: ITG) जानें, दिवाली पर किन चीजों का भोग लगाने से प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:30 PM IST

आज देशभर में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है. यह पर्व हर साल कार्तिक अमावस्या पर मनाया जाता है. मान्यता है कि दिवाली पर मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा से सुख-समृद्धि बढ़ती है. अक्सर बहुत सारे लोगों का यह सवाल होता है कि मां लक्ष्मी का प्रिय भोग क्या है. वाराणसी के ज्योतिषाचार्य पंडित वेदप्रकाश मिश्रा ने देवी लक्ष्मी के छह प्रिय भोग बताए हैं. आइए जानते हैं.

Advertisement

1. धान का लावा (खील)
दिवाली की संध्या पर मां लक्ष्मी को धान का लावा यानी खील का भोग लगाया जाता है. धान का लावा अन्न और समृद्धि से जुड़ा है. इसे दूध और मिठास के साथ भी अर्पित किया जा सकता है.

2. बताशा
बताशा चीनी से तैयार किया जाता है. मां लक्ष्मी की पूजा में इसे विशेष तौर पर प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है. इन्हें हल्के और श्वेत रंग का होने के कारण सफेद भोग की परंपरा में शामिल किया जाता है.

3. शरीफा
दिवाली की रात शरीफा को फल के रूप में माता महालक्ष्मी को अर्पित किया जा सकता है. यह मौसमी फल है और इसका गूदा मीठा होता है. पूजा में इसे साबुत या साफ करके प्रसाद के रूप में रखा जा सकता है. 

4. चावल की खीर
महालक्ष्मी को चावल की खीर का भोग लगाने की परंपरा है. दूध, चावल और चीनी से बनी खीर को सात्विक प्रसाद माना जाता है. सफेद रंग के कारण इसे श्वेत भोग की परंपरा से भी जोड़ा जाता है. पूजा के बाद खीर को परिवार और अन्य लोगों में प्रसाद के रूप में बांटा जा सकता है.

Advertisement

5. नारियल के लड्डू
नारियल को पूजा-पाठ में शुभ और पवित्र फल माना जाता है. इससे बने लड्डू माता लक्ष्मी को भोग के रूप में अर्पित किए जाते हैं. नारियल के लड्डू घर पर नारियल के बुरादे और चीनी या गुड़ से बनाए जा सकते हैं. भोग के लिए इन्हें शुद्ध सामग्री से तैयार करना चाहिए.

6. नारियल की बर्फी
नारियल की बर्फी भी सफेद रंग की मिठाई है. इसे नारियल, दूध और चीनी से बनाया जाता है. महालक्ष्मी को श्वेत मिठाई अर्पित करने की परंपरा के अनुसार इसे भोग में शामिल किया जा सकता है. पूजा में चढ़ाने के लिए बर्फी ताजा और साफ-सुथरी होनी चाहिए.

लक्ष्मी सहस्रनाम से करें माता का पूजन
दिवाली पर माता लक्ष्मी की आराधना में लक्ष्मी सहस्रनाम का पाठ भी किया जाता है. इसमें देवी के एक हजार नामों के माध्यम से उनकी महिमा का स्मरण और स्तुति की जाती है. कुछ पूजा-पद्धतियों में प्रत्येक नाम के साथ फूल अर्पित करने का विधान भी मिलता है. इसे श्रद्धा और अपनी परंपरा के अनुसार किया जा सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »