राजस्थान के अलवर में बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से शनिवार रात चोरों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखे पैसे चोरी कर लिए. इस दौरान शातिर चोर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है. वहीं, पुलिस ने मौके से चोरों के फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं.
दरअसल, देहरा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा है. यह शाखा गांव के सरपंच के भवन में चलती है. शनिवार रात चोरों ने बड़े ही शातिर तरीके से बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर बैंक की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे. फिर उन्होंने बैंक की तिजोरी तोड़ दी और उसमें रखे 1 लाख 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए.
ये भी पढ़ें- 22 साल पहले बैंक से 50 लाख लूटे, मृत बनकर 4 राज्यों में गुजारे 20 साल, CBI ने किया गिरफ्तार
तिजोरी में चार लेयर की थी सुरक्षा
रविवार सुबह बैंक अधिकारियों को बैंक में चोरी की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. वहीं, चोरी की इस वारदात के बाद बैंक कर्मचारी व पुलिसकर्मी हैरान हैं कि चोरों ने बैंक की तिजोरी कैसे तोड़ी. क्योंकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि तिजोरी चार लेयर की है और इसे सामान्य हथियार से तोड़ना संभव नहीं है.
मामले में SHO ने कही ये बात
एसएचओ शिवदयाल मीना ने बताया कि इस बैंक में एक साल पहले भी चोरी के प्रयास का मामला सामने आया था. बैंक में गार्ड की सुविधा नहीं है. इसके अलावा सुरक्षा उपकरण भी नहीं हैं. बैंक मैनेजर की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. अभी तक कोई अहम जानकारी नहीं मिल पाई है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
हिमांशु शर्मा